ABC News: उत्तर प्रदेश के गोंडा में रविवार को 11 श्रद्धालुओं को मौत ने अपने आगोश में ले लिया. मृतकों में नौ लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं. एनडीआरएफ की टीम ने नहर से लाशों को निकाला तो दृश्य देखकर हर कोई कांप गया. डीएम-एसपी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची. घरवालों को सूचना दी गई है. सीएम योगी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.

बताया जा रहा है कि मोतीगंज थाना क्षेत्र के सीहागांव निवासी 15 लोग बोलेरो गाड़ी से पृथ्वीनाथ मंदिर जलाभिषेक को जा रहे थे. मन में अटूट श्रद्धा लेकर घर से निकले लोगों को शायद यह अंदेशा नहीं था कि यह उनकी जिंदगी का आखिरी दिन है. भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक करने को लेकर सभी लोग काफी उत्साहित थे. रास्ते में इटियाथोक क्षेत्र के बेलवा बहुता नहर पुल सड़क में फिसलन होने के कारण गाड़ी अनियंत्रित हो गई. चालक संभाल पाता, इससे पहले ही बोलेरो नहर में गिर गई.

आसपास के लोगों ने देखा तो भागकर पहुंचे. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ लग गई. लोगों ने किसी तरह तीन लोगों को बाहर निकाला. उधर, सूचना पर अधिकारी पुलिस और एनडीआरएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचे. टीम ने पानी में गाड़ी के अंदर फंसे लोगों को निकालना शुरू किया. लेकिन, तब तक देर हो चुकी थी.

महिलाओं और बच्चों सहित 11 लोगों की मौत हो चुकी थी. बताया जा रहा है कि हादसे के समय हल्की बारिश हो रही थी. नहर के किनारे की सड़क फिसलन भरी थी और बेहद संकरी भी. बोलेरो को साइड से गुजारने की कोशिश के दौरान अचानक वाहन फिसलकर नहर में पलट गया. वाहन पानी में पूरी तरह डूब गया. इससे सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला.स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह करीब 6.00 बजे एक जोर की आवाज सुनाई दी. कुछ ही देर में लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि बोलेरो नहर में समा चुकी थी. ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और खुद भी बचाव कार्य में जुट गए. बाद में प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाला.

