ABC News: कानपुर में एक बार फिर बेटियों ने मिसाल कायम की है. यहां पर पांच बेटियों ने अपने पिता के स्वर्गवास के बाद न केवल उनकी अर्थी को कंधा दिया बल्कि उनकी अंतिम इच्छा को पूरा करते हुए उनके पार्थिव शरीर का जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज को दान भी दिया. इस दौरान युग दधीचि देहदान संस्थान के संयेजक मनोज सेंगर ने उनके पार्थिव शरीर को दान करने की सारी औपचारिकताओं को पूरा कराया.
उन्होंने बताया कि आईआईटी से रिटायर होने वाले 83 वर्षीय आरके तिवारी का बीमारी की वजह से एक दिन पहले निधन हो गया था. उनके निधन के बाद कॉमरेड आरके तिवारी की बेटी पूनम ने उन्हें फोन कर जानकारी दी और पिता के संकल्प के बारे में बताया.
इसके बाद शनिवार को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से उनके अशोकनगर स्थित घर पर वाहन भेजा गया. यहां पर स्वर्गीय आरके तिवारी की पांचों बेटियों प्रियंका. पूनम, भावना, गीतांजलि और वसुधा ने उनकी शवयात्रा में शामिल होकर अर्थी को कंधा भी दिया. इसके बाद मेडिकल कॉलेज पहुंचाकर बेटियों ने ढपली बजाकर अपने पिता को अंतिम विदाई दी. यहां पर मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग के अनंत विजय को स्वर्गीय आरके तिवारी के पार्थिव शरीर को सौंपा गया.
युग दधीचि देहदान संस्थान के संयोजक मनोज सेंगर ने बताया कि सभी बेटियों ने नारी सशक्तीकरण की मिसाल को पेश किया है. यहां पर सभी पुत्रियों और उनकी नातिन ने उनकी स्मृति सभा में भी हिस्सा लिया. उन्होंने बताया कि अब तक अभियान के तहत के तहत 303 देहदान किए जा चुके हैं.

