ABC News: कानपुर में स्कूलों के अंदर पीडीए पाठशाला आयोजित करने वाली सपा नेत्री रचना सिंह गौतम के खिलाफ अरौल थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है. यह मुकदमा बिल्हौर के खंड शिक्षा अधिकारी रवि सिंह ने दर्ज कराया है. दरअसल, समाजवादी पार्टी के पीडीए अभियान के दौरान सपा नेत्री रचना सिंह गौतम सरकारी स्कूलों में जाकर पीडीए पाठशाला संचालित कर रही हैं.
कई स्कूलों में पाठशाला के बाद उन्होंने बच्चों को साथ लेकर स्कूल बंद किए जाने के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन भी किया. जिसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी रवि सिंह की तरफ से अरौल थाने में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है. एफआईआर में कहा गया कि विद्यालय बंद होने की अफवाह के साथ परिसर के आसपास राजनीतिक गतिविधि संचालित कर रही हैं.
इसके अलावा बच्चों का राजनैतिक दुरूपयोग कर सोशल मीडिया में विभाग की छवि खराब की जा रही है. उन्होंने बताया शाहमपुरी गढ़ी विद्यालय मर्जर वाले स्कूलों की श्रेणी में नहीं आता है, इसके अलावा वह समानांतर पाठशाला का भी आयोजन कर रही हैं, जोकि गैर कानूनी है.
वहीं, सपा नेत्री रचना सिंह गौतम का कहना है कि वह अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर स्कूलों में पीडीए कक्षाएं संचालित कर रही थीं.
एफआईआर दर्ज होने की जानकारी पर उन्होंने कहा कि वह पीडीए पाठशाला जारी रखेंगी, फिर चाहे कितने भी मुकदमे लगाए जाएं. उन्होंने कहा कि यह शिक्षा देना गुनाह है जो मुकदमा लगा दिया. सपा नेत्री ने कहा कि चाहे जितने मुकदमे लग जाएं लेकिन वह समाज केा जागरूक करती रहेंगी.

