ABC News: कानपुर में सफाई व्यवस्था बेहतर करने और डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन पर फोकस करते हुए नगर निगम ने 12 वार्डों को ‘मॉडल वार्ड’ के रूप में चयनित किया है. इसको लेकर नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने सभी जोनल के अधिकारियों के साथ बैठक की. नगर आयुक्त ने बताया कि चयनित 12 वार्डों में साफ सफार्ठ व्यवस्था को बेहतर की जाएगी.

इसके अलावा इन वार्डों में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन और कचरा प्रथक्कीकरण (सेग्रीगेशन) को जनसहभागिता के साथ लागू किया जाएगा. यहां पर नगर निगम अधिकारी जनता के बीच जाकर गीला और सूखा कूड़ा के विषय में उन्हें जागरूक करेंगे. इसके अलावा अवैध विज्ञापन, बैनर और पोस्टर को चिंह्ति कर हटाया जाएगा. इसके अलावा सीवर भराव, जलभराव से लेकर मेनहोल के ढक्कर क्षतिग्रस्त होने पर उत्तरदायित्व का भी निर्धारण किया जाएगा.नगर आयुक्त ने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन बढ़ाने के साथ आवारा घूमने वाले गोवंश को पकड़कर उन्हें गौशालाओं में पहुंचाने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा हर घर से कचरा उठाने के लिए गहन मॉनिटरिंग करने को कहा है. इस दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाने को कहा. यही नहीं, 15 अगस्त तक कानपुर में व्यापक रूप से अतिक्रमण विरोधी अभियान भी चलाया जाएगा.

चयनित 12 मॉडल वार्ड
वार्ड संख्या – 78, 32, 24, 92, 100, 5, 6, 21, 25, 27, 19, 62 – को चयनित किया गया है. इन सभी वार्डों में प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है, जो अपनी टीम के साथ 15 दिवसीय अभियान को सुचारु रूप से संचालित करेंगे.

इस तरह बरती जाएगी सख्ती
– मॉडल वार्डों में सुबह छह बजे सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति होगी. गैर हाजिर रहने वाले कर्मचारियों को कार्यमुक्त किया जाएगा.
– प्रत्येक सफाई कर्मी द्वारा निर्धारित बीट प्लान के अनुसार कार्य किया जाएगा. सभी की उपस्थिति एवं कार्य निष्पादन की मॉनिटरिंग मास्टर रोल के माध्यम से की जाएगी.
– पर्यवेक्षण अधिकारी और सफाई नायक नियमित रूप से क्षेत्रीय कार्यों का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे. लापरवाही पाए जाने पर तत्काल अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी.
– डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन वाहन पर प्रतिदिन आईईसी टीम के एक सदस्य की उपस्थिति अनिवार्य होगी. यह टीम नागरिकों को सूचनात्मक संदेश, सेग्रीगेशन की जानकारी, फीडबैक संग्रह तथा जागरूकता का कार्य करेगी.
– प्रत्येक चयनित वार्ड में नाले/सीवर सफाई के लिए एक विशेष दिवस निर्धारित कर नगर निगम कार्य कराएगा.
– मलिन बस्तियों, सार्वजनिक शौचालयों, विद्यालय परिसरों व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान संचालित किया जाएगा.
– अभियान के दौरान यदि सीवर, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट, आवारा पशु, मच्छर या अन्य जनसमस्याएं चिन्हित होती हैं तो संबंधित विभाग तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे.
– डोर टू डोर वाहन, चालकों व कर्मियों की नामवार सूची नगर आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी.

