ABC News: कानपुर में रविवार को 139 परीक्षा केंद्रों पर आरओ और एआरओ की परीक्षा को सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराया गया. इसको लेकर देर रात से सुबह तक चौराहों से लेकर विभिन्न स्थानों पर पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, प्रशासन से लेकर सिविल डिफेंस और स्वयं सेवी संगठनों के लोग सक्रिय दिखाई दिए.
सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू हुई परीक्षा से 45 मिनट पहले ही केंद्रों पर परीक्षार्थियों का प्रवेश बंद कर दिया गया. बता दें कि यह उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती के बाद प्रदेश की दूसरी सबसे बड़ी परीक्षा है. पूरे प्रदेश में सबसे अधिक परीक्षा केंद्र शहर में ही बनाए गए हैं. सुबह सघन तलाशी के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया. केंद्र व्यवस्थापक और मजिस्ट्रेट के अलावा किसी को मोबाइल अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई. इसके अलावा परीक्षा केंद्र में मोबाइल, घड़ी, ईयरबड जैसे गैजेट ले जाने पर पूरी तरह से रोक लगाई गई. परीक्षा को संपन्न करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट दिखाई दिया, पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने भी परीक्षा केंद्रों में पहुंचकर जायजा लिया. समीक्षा अधिकारी की परीक्षा में अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने 12 प्रमुख स्थलों पर 137 वालंटियर टीम को भी तैनात किया जिसमें कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन झकरकटी घरावतपुर रामादेवी यशोदा नगर कल्याणपुर आदि पर सिविल डिफेंस के लोग भी बाहरी जनपदों से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में पहुंचने में सहायता करते रहे.
130 अंकों तक कट ऑफ जाने की जताई उम्मीद
आरओ और एआरओ की परीक्षा संपन्न होने के बाद जब केंद्रों से परीक्षार्थी निकले, तो उनके चेहरों पर संतुष्टि के भाव नजर आए. परीक्षार्थियोें ने इस बार के प्रश्न पत्र को पिछली बार की अपेक्षा काफी आसान बताया है. तीन घंटे की परीक्षा देने के बाद केंद्रों से जब परीक्षार्थी निकले तो उनका कहना था कि पिछली बार की अपेक्षा इस बार पेपर आसान आया है, ऐसे में उम्मीद है कि 130 अंकों तक कट ऑफ जा सकता है.
सेंट्रल स्टेशन पर उमड़ी परीक्षार्थियों की भीड़
आरओ-एआरओ का एग्जाम खत्म होने के बाद कानपुर में सेंट्रल स्टेशन और झकरकटी बस अड्डे पर अचानक से परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ी. हालांकि, इस बार सेंट्रल स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के इंतजाम पहले से ही किए गए थे. जैसे ही सेंट्रल स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भीड़ आना शुरू हुई तो सर्कुलेटिंग एरिया से फुट ओवरब्रिज और प्लेटफॉर्म पर उन्हें नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ और जीआरपी के जवान पूरी तरह से मुस्तैद देखे गए. भीड़ की वजह से किसी तरह की भगदड़ न मचे. इसको लेकर प्लेटफॉर्म पर आरपीएफ के जवान लगातार हैंड लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट करते रहे.

