ABC News: अनन्या पांडे के कजिन अहान पांडे अपनी डेब्यू फिल्म से ही छा गए है. रोमांटिक-इमोशनल फिल्म ‘सैयारा’ 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. जो दर्शकों का दिल जीत रही है. ‘सैयारा’ का दर्शकों में ऐसा क्रेज है कि ओपनिंग वीकेंड पर ही फिल्म भारत में 50 करोड़ के पार हो गई है और आमिर खान, सनी देओल से लेकर अक्षय कुमार तक की फिल्मों को पछाड़ने में कामयाब हो गई है.

‘सैयारा’ पहले दिन से ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक अहान पांडे की फिल्म ने 21 करोड़ रुपए की ओपनिंग ली थी. दूसरे दिन भी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 25 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था और अब तीसरे दिन के शुरुआती आंकड़े भी सामने आ गए हैं. संडे के अब तक के कलेक्शन के साथ ‘सैयारा’ घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ के पार हो गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अहान पांडे और अनीत पद्दा की फिल्म ने तीसरे दिन शाम तक 24.17 करोड़ रुपए का कारोबार कर लिया है. ‘सैयारा’ के तीन दिनों का कुल कलेक्शन अब 70.17 करोड़ रुपए हो गया है. ‘सैयारा’ ने अपने ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन के साथ 2025 में रिलीज हुई अब तक की 30 बॉलीवुड फिल्मों को शिकस्त दे दी है. फिल्म ने सनी देओल की ‘जाट’, आमिर खान की ‘सितारे जमीन पर’ से लेकर अक्षय कुमार की ‘केसरी चैप्टर 2’ के ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.

