ABC News: कानपुर में बढती आबादी को देखते हुए अब ग्रेटर कानपुर बसाने की प्रक्रिया पर काम शुरू हो चुका है. इसको लेकर केडीए की टीम गूगल मैपिंग कराने का काम कर रही है. बताया जा रहा है कि आउटर रिंग रोड के बीच ग्रेटर कानपुर बसाया जाएगा. ग्रेटर कानपुर की बसावट फिलहाल करीब चार हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में प्रस्तावित है. इसको लेकर केडीए अधिकारियों का कहना है कि गूगल मैपिंग के बाद तय हो पाएगा कि कितने क्षेत्र में इसे बसाया जा सकता है.
आपको बता दें कि पिछले महीने ही प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई थी, जिसमें ग्रेटर कानपुर की बसावट को लेकर गहन मंथन हुआ था. सभी की ओर से शहर में बढ़ रही आबादी और लैंड बैंक की कमी को देखते हुए इस योजना पर सहमति जताई गई थी. कुछ दिनों पहले केडीए वीसी के नेतृत्व में एक टीम ने इस पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया था. कार्ययोजना का प्रस्ताव तैयार होने के बाद इसे मुख्यमंत्री के सामने भी प्रस्तुत करने की योजना है. केडीए अधिकारियों के अनुसार अभी यह योजना शुरुआती चरण में है. इसका पूरा प्रस्ताव बनाने से पहले यह देखा जा रहा है कि कितनी दूरी तक इसमें आवासीय व अन्य सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं. बताया जा रहा है कि ग्रेटर कानपुर में एमआईजी से एचआईजी के प्लॉट उपलब्ध होंगे. इसी तरह ग्रुप हाउसिंग, मल्टी स्टोरी भी बनाए जाने का प्रस्ताव है. आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए ईडब्ल्यूएस और एलआईजी श्रेणी के प्लॉट भी रहेंगे. , ग्रेटर कानपुर के आसपास तीन पार्क विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है. इसमें ईवी पार्क, मेडिसिटी पार्क और एमएसएमई पार्क शामिल हैं. ईवी पार्क में इलेक्ट्रानिक्स वाहन, मेडिसिटी पार्क में दवाओं का निर्माण और एमएसएमई पार्क में छोटे और मध्यम उद्योगों को स्थापित किया जाएगा. ग्रेटर कानपुर को लेकर शहर के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्से के बीच भौंती बाईपास के पास सेन पश्चिम पारा, सेन पूरब पारा, पतेहुरी, गोपालपुर, गंभीरपुर, कैथा, सरनेतपुर, डांडे का पुरवा, दुर्जनपुर, इटारा गांव की जमीन चिह्नित की गई है. ग्रेटर कानपुर भौंती से लगभग पांच किलोमीटर दूर और भीमसेन रेलवे स्टेशन से दो किलोमीटर दूर होगा.

