ABC News: सावन के पहले सोमवार पर आनंदेश्वर मंदिर परमट में आज रात दो बजे से भक्तों को दर्शन कराए जाएंगे. आनंदेश्वर मंदिर में रात दो बजे मंगला आरती होगी, इसके बाद मंदिर के पट भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे.
इससे पहले सावन के पहले रविवार को भी आनंदेश्वर मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी. हर हर महादेव और बोल बम के जयघोष के बीच यहां पर बाबा आनंदेश्वर का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक करने की होड़ भक्तों में देखी गई. वहीं, सावन के सोमवार को देखते हुए मंदिर के मेन गेट पर बैरीकेडिंग को किया गया है.
यहां पर महिलाओं और पुरूषों की अलग अलग लाइन होगी. इस बार गंगा के उफान को देखते हुए मेन गेट के बगल से गंगा की तरफ से जाने वाले रास्ते को बैरीकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया है.
आनंदेश्वर मंदिर के महंत अरूण गिरी जी महाराज ने बताया कि यहां पर आने वाले भक्तों को बेहतर दर्शन कराने की कोशिश है. उन्होंने बताया पुलिस और प्रशासन के साथ मंदिर के वॉलंटियर भी व्यवस्था में सहयोग करेंगे.
दो जोन और कई सेक्टर में रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
सावन के पहले सोमवार पर व्यवस्थाएं सुचारू चल सकें. इसको लेकर परमट में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियेां के साथ वॉलंटियर्स की बैठक हुई. एडीसीपी पश्चिम राजेश कुमार पांडेय, एसीपी कर्नलगंज और एसीएम चतुर्थ के साथ यहां पर हुई बैठक में मंदिर आने वाले भक्तों की सुरक्षा को लेकर मंथन किया गया. चूंकि इस बार गंगा का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है, ऐसे में भक्त उस तरफ न जाएं, इसको लेकर भी यहां पर बातचीत की गई. बताया गया कि सावन के पहले सोमवार को यहां पर गर्भग्रह से लेकर बाहर बैरीकेडिंग तक करीब 400 वॉलंटियर्स, पुलिस जवानों के साथ तैनात रहकर व्यवस्था में सहयोग करेंगे. वॉलंटियर्स में महिला कार्यकर्ता भी शामिल होंगी. टेफ्को की तरफ बनी पार्किंग और ग्रीनपार्क चौराहे की तरफ से किसी वाहन को अंदर नहीं आने दिया जाएगा. सारे वाहनों को पार्किंग में ही रखा जाएगा. इसके अलावा गर्भग्रह से लेकर पार्किंग तक जो कैमरे लगाए गए हैं. उनकी कंट्रोल रूम में बैठे हुए पुलिस कर्मी मॉनीटरिंग करेंगे. एडीसीपी पश्चिम ने बताया कि दो जोन और कई सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं.

