ABC News: कानपुर में बारिश के बाद सड़कें खतरनाक होती जा रही हैं. यहां पर भूसाटोली में अचानक सड़क का बड़ा हिस्सा धंसने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई. स्थानीय लोगों ने मेट्रो और केस्को की केआईए कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया है.
भूसाटोली में रहने वाले राकेश अग्रवाल ने बताया कि उनके घर के सामने सुबह के समय एक छोटा सा गड्ढा हुआ. इसके बाद देखते ही देखते गड्ढा बड़ा होता गया, तो घबराकर स्थानीय लोगों ने पार्षद को इसकी जानकारी दी.
इतनी देर मेें यह गड्ढा कई फीट और गहरा गया है. पार्षद मौके पर पहुंचे तो नगर निगम से लेकर अन्य विभागों के अफसरों को घटना की जानकारी दी. पार्षद ने मेट्रो और केस्को की केआईए कंपनी पर आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि केस्को की ठेकेदार कंपनी अंडरग्राउंड लाइन बिछाने के बाद लापरवाही पूर्वक काम कर गई है, जिससे जगह जगह सड़क पर गड्ढे हो गए हैं.
वहीं, मौके पर पहुंचे नगर निगम के चीफ इंजीनियर ने बताया कि केस्केा की कंपनी ने यहां पर काम करते हुए सीवर लाइन को डैमेज कर दिया. जिससे लगातार रिसाव होता रहा, इसके बाद आज हुई बारिश ने सड़क के बड़े हिस्से को धसका दिया.
मौके पर नगर निगम, जलकल, केस्को, मेट्रो आदि विभागों के अधिकारी पहुंच गए. जेसीबी के जरिए धंसी हुई सड़क को खोदकर सही किया जाता रहा.

