ABC News: कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 का डिपो सीएसए में बनाया जा रहा है. यहां पर अब मेट्रो के लिए ट्रैक बिछाने का काम शुरू हो गया है. बताया जा रहा है कि अगले कुछ महीनों में कॉरिडोर-2 के लिए ट्रेनों का आगमन भी शुरू हो जाएगा.

कानपुर मेट्रो के ट्रेनों के रखरखाव और प्रबंधन के लिए गुरूदेव चौराहा स्थित कॉरिडोर-1 मेट्रो डिपो के तरह ही कॉरिडोर-2 मेट्रो डिपो का निर्माण किया जा रहा है. यह डिपो सीएसए यूनिवर्सिटी के परिसर में निर्मित हो रहा है. इस डिपो में ही आने वाले समय में कॉरिडोर-2 की ट्रेनों को उतारा जाएगा. इसके लिए यहां अब ट्रैक निर्माण का कार्य आरंभ हो चुका है. इस डिपो में कुल 15 लाइनें बिछाई जानी हैं. इनमें से 4 लाइनें वर्कशॉप के लिए और 11 अन्य लाइनों का शंटिंग, स्टैबलिंग, कोच अनलोडिंग, पिट व्हील और टेस्ट ट्रैक के लिए प्रयोग होगा. बता दें कि मेट्रो कॉरिडोर के मेनलाइन और डिपो में दो अलग-अलग तरह के ट्रैक तैयार किए जाते हैं. मेट्रो डिपो में बैलास्टेड ट्रैक (गिट्टी-सहित) और बैलास्ट-लेस दोनों तरह के ट्रैक बिछाये जाते हैं. यहां अधिकांश कार्यों के लिए बैलास्टेड ट्रैक का प्रयोग होता है. दूसरी तरफ मेनलाइन के वायडक्ट पर बैलास्ट-लेस (गिट्टी-रहित) ट्रैक का प्रयोग किया जाता है.

कॉरिडोर-2 डिपो में क्या होंगी सुविधाएं
डिपो परिसर के अंदर मेट्रो ट्रेनों के रखरखाव के लिए वर्कशॉप कम मेंटेनेंस डिपो तैयार किया जाएगा. कॉरिडोर-2 के अंतर्गत 3 कोच वाली कुल 10 ट्रेनें लाई जानी हैं. मेट्रो रोलिंग स्टॉक से जुड़े विभिन्न उपकरणों के रखरखाव के लिए डिपो में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. डिपो के अंदर ही ऑटो कोच वॉश प्लांट, पिट व्हील लेथ और इंस्पेक्शन बे लाइन भी बनाए जाएंगे.

