ABC News: कानपुर में सीएमओ विवाद में दो दिनों तक चले नाटकीय घटनाक्रमों के बीच डॉ. उदयनाथ सीएमओ की कुर्सी पर बैठ गए हैं. स्टे लेकर दो दिनों से सीएमओ की कुर्सी न छोड़ने वाले डॉ. हरिदत्त नेमी का कहना है कि वह फिर से हाईकोर्ट जाएंगे. दरअसल, सीएमओ विवाद में नया मोड़ तब आया, जब गुरूवार दोपहर एडीएम सिटी डॉ.राजेश कुमार, एसीपी चकेरी अभिषेक पांडेय के साथ उनकी आधा घंटा तक बंद कमरे में वार्ता हुई.
इस वार्ता में सीएमओ डॉ. उदयनाथ भी शामिल रहे. सीएमओ दफ्तर में इस दौरान फोर्स भी मौजूद रहा. बताया जा रहा है कि यहां पर डॉ. नेमी को पुलिस अफसरों ने समझाया कि उन्होंने कोर्ट से अपने ट्रांसफर पर स्टे लिया है, लेकिन शासन से कोई आदेश अब तक नहीं आया है. डॉ. उदयनाथ के लिए शासन का आदेश है. इसलिए जब तक उनके लिए शासनादेश नहीं आता, तब तक वह कुर्सी छोड़ दें.
बातचीत के बाद डॉ. हरिदत्त नेमी बाहर आए. किसी को उन्होंने फोन भी मिलाया. इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि शासन प्रशासन डॉ. उदयनाथ के साथ है. उनको दबाव बनाकर कुर्सी से हटाया गया है.
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हेें जहां से रिलीफ मिला था, अब उन्हें फिर से वहीं पर जाना होगा. वहीं, डॉ. हरिदत्त नेमी के कक्ष के जाने के बाद डॉ. उदय नाथ फिर से सीएमओ की कुर्सी पर काबिज हुए. कुर्सी पर बैठते हुए डॉ. उदय नाथ ने डॉ. नेमी की ओर से हुए पत्राचार और अन्य आदेश को खारिज कर दिया.
इससे पहले सुबह के समय एक बार फिर डॉ. हरिदत्त नेमी लगातार दूसरे दिन जल्दी आकर सीएमओ के कक्ष में बैठ गए और यहां पर उन्होंने अपनी नेम प्लेट भी लगवाई.
इस दौरान जैसे ही उनका वाहन कांशीराम अस्प्ताल पहुंचा, वैसे ही एक कर्मचारी ने सबसे पहले उनके पैर छुए. इसके बाद वह सीधे सीएमओ वाले कमरे मेें चले गए. यहां पर डॉ. हरिदत्त नेमी ने कर्मचारियों को मीटिंग के लिए भी बुलाया.
वहीं, वर्तमान सीएमओ डॉ. उदयनाथ गुरूवार सुबह अपने कार्यालय नहीं आए. कर्मचारियेां ने बताया कि वह सीधे निरीक्षण पर निकल गए हैं.

