ABC News: कानपुर में रॉन्ग साइड से चलने वाले वाहनों की वजह से लगातार दूसरे दिन हादसा हो गया. एक दिन पहले रॉन्ग साइड में दौड़ रहे कंटेनर की टक्कर से मां-बेटे की मौत के बाद मंगलवार को सचेंडी थानाक्षेत्र में दूसरा हादसा हो गया. यहां पर रॉन्ग साइड से आ रहे इंडियन आयल के टैंकर ने भतीजे को स्कूल से वापस ला रही युवती को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई. वहीं, हादसे में मां-बेटे घायल हो गए.
कानपुर देहात के थाना गजनेर के रहुरा रसूलपुर गोगूमऊ निवासी रघुनाथ पाल की बेटी सोनम पाल (22) बीएड कर चुकी थी. परिजनों के अनुसार सुबह करीब 11 बजे सोनम तीन साल के भतीजे ऋषी को स्कूल से लेने के लिए भाभी साधना के साथ स्कूटी से किसान नगर ओवरब्रिज के पास गई थी. स्कूल से भतीजे को लेने के बाद वह लोग घर लौट रहे थे. अभी तीनों किसान नगर नायरा पेट्रोल और रायपुर के पास पहुंचे ही थे, कि भौंती से रनिया की तरफ जा रहे तेज रफ्तार इंडियन ऑयल के टैंकर ने स्कूटी में टक्कर मार दी. हादसे में मां व बेटा उछलकर बाईं तरफ गिरकर घायल हो गए.
वहीं पकड़े जाने के डर से टैंकर भगाने के चक्कर में चालक स्कूटी चला रही सोनम को रौंद दिया. इस दौरान ट्रक सोनम को कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई. लोगों ने चालक की पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया. परिजनों का कहना है कि टैंकर रॉन्ग साइड से आ रहा था.

