ABC News: भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले के तीसरे दिन जेमी स्मिथ और हैरी ब्रूक ने धमाल मचा दिया है. दोनों ने छठे या उससे निचले विकेट के लिए 200+ रनों की साझेदारी निभाकर बड़ा रिकॉर्ड बना लिया. बर्मिंघम टेस्ट में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम पूरी तरह हावी थी. तीसरे दिन भारतीय गेंदबाजों ने दमदार शुरुआत की, लेकिन उसके बाद इंग्लैंड की ओर से टी20 वाली बैटिंग देखने को मिली. हैरी ब्रूक और जैमी स्मिथ ने मिलकर डबल सेंचुरी ठोक डाली है.

इंग्लिश टीम ने महज 84 के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन उसके बाद ब्रूक और स्मिथ ने मिलकर भारतीय गेंदबाजों को नानी याद दिला दी है. इंग्लैंड ने तीसरे दिन 77/3 से अपने स्कोर को आगे बढ़ाया, मगर कुछ देर बाद ही मोहम्मद सिराज ने जो रूट और उनसे अगली ही गेंद पर बेन स्टोक्स को भी आउट कर दिया था. हैरी ब्रूक क्रीज पर सेट हो चुके थे और बेन स्टोक्स के आउट होने के बाद जैमी स्मिथ खेलने आए. इंग्लैंड ने 84 के स्कोर पर पांचवां विकेट गंवाया था. हैरी ब्रूक और जैमी स्मिथ, दोनों ने करीब 6 के रन-रेट से स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाते हुए 200 रनों की पार्टनरशिप की. कहां 22वें ओवर में 84 के स्कोर तक इंग्लैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी. मगर जबसे स्मिथ बैटिंग करने आए, तबसे लेकर 200 रनों की पार्टनरशिप होने तक दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 24 चौके और 3 छक्के लगाए. बताते चलें कि ब्रूक-स्मिथ की 200 रनों की पार्टनरशिप होने तक भारत के लिए मोहम्मद सिराज ने 3 और प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट लिए हैं.

स्मिथ और ब्रूक भारतीय गेंदबाजों के लिए मुसीबत बने. दोनों के बीच 200+ रनों की साझेदारी हुई. भारत के खिलाफ इंग्लैंड की छठे या उससे निचले विकेट के लिए यह पहली 200+ रनों की साझेदारी है. इससे पहले इंग्लैंड के लिए इस स्थिति में सर्वोच्च साझेदारी 198 रनों की थी, जो रूट और जेम्स एंडरसन के बीच 2014 में ट्रेंट ब्रिज में हुई थी. वह अब भी टेस्ट क्रिकेट में 10वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है. टेस्ट इतिहास में यह तीसरी बार हुआ है जब किसी मैच में छठे या उससे निचले विकेट के लिए दोनों टीमों ने 200+ रन की साझेदारी की हो. इससे पहले यह कारनामा 1955 में वेस्टइंडीज बनाम ऑस्ट्रेलिया (ब्रिजटाउन) और 2009 में भारत बनाम श्रीलंका (अहमदाबाद) टेस्ट में हुआ था.

