ABC News: तीन जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा के जबरदस्त इंतजाम किए गए हैं. 38 दिन तक चलने वाली यात्रा के रूट पर पाकिस्तान के दशहतगर्दों की बुरी नजर है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में लगभग ’50’ पाकिस्तानी दहशतगर्द छिपे हैं. इस इनपुट को ध्यान में रखते हुए भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों और जम्मू कश्मीर पुलिस ने मिलकर, यात्रा रूट की सुरक्षा का फुलप्रूफ प्लान तैयार किया है.

जम्मू-कश्मीर में तीन जुलाई से अमरनाथ यात्रा प्रारंभ हो रही है. 38 दिन तक चलने वाली यह यात्रा, पहलगाम और बालटाल दोनों रूटों से गुजरेगी. पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना, सीआरपीएफ, बीएसएफ, एसएसबी, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और जम्मू कश्मीर पुलिस के लगभग 80 हजार जवान, अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा में तैनात किए गए हैं. ये जवान, यात्रियों को उनकी हिफाजत की गारंटी देंगे. फिदायीन अटैक जैसे हमलों को रोकने के लिए सुरक्षा बलों ने अचूक घेरा तैयार किया है. यात्रा के रूट पर कोई आतंकी न आ सके, इसके लिए वैसी ही सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जैसी अफगानिस्तान में यूएस/नाटो सेना के काफिलों की हिफाजत के लिए देखने को मिलती थी. खुफिया इकाई से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, अमरनाथ यात्रा के रूट पर पाकिस्तान के दशहतगर्दों की बुरी नजर है. इसे देखते हुए भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों और जम्मू कश्मीर पुलिस ने मिलकर, यात्रा रूट की सुरक्षा का फुलप्रूफ प्लान तैयार किया है. यात्रा रूट को पूरी तरह से सुरक्षित बनाया गया है. पहाड़, नदी-नाले, सड़क और पुलों के आसपास यात्रियों की सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है. पहलगाम और बालटाल, दोनों रूटों पर सुरक्षा का अभेद्य घेरा तैयार किया गया है. संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी और ड्रोन से नजर रखी जा रही है. यात्रियों के काफिलों को सीआरपीएफ के सुरक्षा घेरे में ले जाया जाएगा. दोनों ही रूटों पर विभिन्न सुरक्षा बलों की रोड ओपनिंग पार्टी ‘आरओपी’ लगी हैं. डॉग स्क्वाड और बुलेटप्रूफ मार्क्समैन भी तैनात किए गए हैं. कई जगहों पर लंबी दूरी तक की गतिविधियों को कैद करने वाली दूरबीन लगाई गई हैं. सुरक्षा बलों को हैंडहेल्ड सीसीटीवी कैमरे भी मुहैया कराए गए हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार यात्रा रूट पर वाहनों के काफिलों को विशेष सुरक्षा चक्र प्रदान किया गया है. जिस तरह से अफगानिस्तान में यूएस/नाटो सेनाओं के काफिलों को जैसी सुरक्षा मिलती थी, वैसी ही अमरनाथ यात्रा के दौरान रहेगी. जब अमरनाथ यात्रा के काफिले रवाना होंगे तो रास्ते में अप्रोच रूटों को बंद कर दिया जाएगा. काफिले गुजरने के बाद ही उस रोड पर लोकल ट्रैफिक को चलने की अनुमति होगी. कुछ जगह ऐसी भी चिन्हित की गई हैं, जहां पर मुख्य मार्ग पर अपोजिट मार्ग के हिस्से को सामान्य ट्रैफिक के लिए बंद किया जा सकता है. पहलगाम हमले के बाद अमरनाथ यात्रा के रूट पर ‘छोटी मिसाइल’ और ‘ड्रोन’ से बम गिराना, ऐसे हमलों को रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. यात्रा रूट की हिफाजत के लिए सीएपीएफ के 50, 000 से ज्यादा जवानों को तैनात किया जा रहा है. फिदायीन अटैक रोकने के लिए, केंद्रीय सुरक्षा बलों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है. यात्रा के रूट पर सीएपीएफ के जवानों की तैनाती का अंतराल कम कर दिया गया है. अब पांच सौ मीटर से एक हजार मीटर के बीच जवानों की नियमित तैनाती रहेगी. कई जगहों पर यह गैप, और भी ज्यादा कम हो सकता है. देश के सबसे बड़े केंद्रीय अर्धसैनिक बल ‘सीआरपीएफ’ की सर्वाधिक कंपनियां, अमरनाथ यात्रा के रूट पर तैनात रहेंगी. लगभग 220 कंपनियों को वहां तैनात किया गया है. हालांकि 100 से अधिक कंपनियां, पहले से ही जेएंडके में तैनात हैं. बीएसएफ की करीब 143 कंपनियों को यात्रा की सुरक्षा में लगाया गया है. एसएसबी की 97 कंपनियां और आईटीबीपी की 62 कंपनियां, यात्रा रूट के विभिन्न हिस्सों पर तैनात होंगी. सीआईएसएफ की लगभग 60 कंपनियों को लगाया गया है. सेना की राष्ट्रीय राइफल ‘आरआर’ के जवान भी यात्रा रूट की हिफाजत कर रहे हैं.

