ABC News: मैनावती मार्ग स्थित श्रीराम कृपा इस्टेट में एयरफोर्स से रिटायर्ड सार्जेंट ने डबल बैरल लाइसेंसी राइफल से गोली मार कर आत्महत्या कर ली. घटना के समय पत्नी बर्तन साफ कर रही थीं, जबकि उनका, बेटा बगल के कमरे में ईयर ब्ड्स लगा कर पढ़ाई कर रहा था.
बताया जा रहा है कि फर्रुखाबाद के कंपिल थाना के बंगसनगर निवासी हरेंद्र कुमार सिंह एयरफोर्स में तैनात थे. परिजनोें के अनुसार, हरेंद्र 2016 में सार्जेंट पद से गांधी नगर गुजरात से रिटायर हुए थे. वह बीते एक साल से मैनावाती रोड स्थित श्रीराम कृपा इस्टेट में आदित्य कुमार के मकान में किराए पर रह रहे थे. पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि रिटायर होने के बाद पति ने नौकरी के लिए कई परीक्षाएं दी, लेकिन उनका चयन नही हो पा रहा था. जिस कारण वह डिप्रेशन व नींद न आने की समस्या से जूझ रहे थे. इसको लेकर उनका इलाज भी चल रहा था.
बताया जा रहा है कि सुबह वह टहलने के लिए गए थे. इसके बाद फिर से सोने की बात कहकर वह कमरे में चले गए. जहां पर डबल बैरल बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली. इस दौरान तेज धमाका तो हुआ लेकिन घरवालों ने सोचा कि कहीं पर ट्रक का टायर फट गया है. डेढ घंटे बाद जब बेटा कमरे में पहुंचा तो वहां पर पिता का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ देखा.घटना के बाद नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की.

