ABC News: अपने सस्पेंशन के बाद मीडिया के सामने आए कानपुर के सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी ने डीएम पर गंभीर आरोप लगाए हैं. अपने आवास पर मीडिया से मुखातिब डॉ. हरिदत्त नेमी ने डीएम पर अपशब्द के साथ जातिसूचक शब्द बोलने का आरोप लगाया है.

उन्होंने कहा कि जब उन्होंने सीएमओ का कार्यभार संभाला था, तब एसीएमओ डॉ. सुबोध प्रकाश यादव ने सीबीआई से चार्जशीट फर्म जेएन फॉर्मा को बिना पूछे एक्सटेंशन कर दिया था. उन्होंने बताया एसीएमओ डॉ. सुबोध उस समय एसएमओ स्टोर और नर्सिंग होम के रजिस्ट्रेशन का भी काम देख रहे थे. उन्होने बताया कि डॉ. सुबोध दो दशक से ज्यादा समय से यहां पर तैनात हैं. सारी बातों की जब उन्हें जानकारी हुई तो डॉ सुबोध को उन्होंने जिला क्षय रोग अधिकारी के पद पर तबादला कर दिया. डॉ. हरीदत्त नेमी ने आरोप लगाया कि सीबीआई चार्ज शीटेड फर्म का पेमेंट रोकने के दौरान भी विवाद हंगामा हुआ.

इसके बाद डॉ सुबोध, डॉ आरएन सिंह डीएम के पाले में चले गए. आरोप है कि हर मीटिंग में डीएम उन्हें निशाने पर रखते थे. यही नहीं उन्होंने डीएम पर आरोप लगाया कि उन्होंने सिस्टम में आने की भी बात उनसे कही थी. तत्कालीन एसीएमओ डॉ सुबोध प्रकाश पर आरोप लगाया कि करीब तीन दर्जन नर्सिंग होम का उन्होंने फर्जी तरह से रजिस्ट्रेशन कर दिया. उसकी हॉर्ड से लेकर सॉफ्ट कॉपी तक उपलब्ध नहीं है. सीबीआई चार्ज शीटेड फर्म को लेकर शासन को 125 पेज की रिपेार्ट भी उन्होंने भेजी थी. उन्होने कहा कि अपने निलंबन के खिलाफ वह कोर्ट का रूख करेंगे. सस्पेंड होने के बाद डॉ. हरिदत्त नेमी ने सीएम योगी को पत्र भी लिखा है.

