ABC News: कानपुर में पिछले कई दिनों से डीएम और सीएमओ के बीच चल रहे विवाद का पटाक्षेप हो गया है. डीएम से भिड़ने वाले सीएमओ डॉ. हरीदत्त नेमी को शासन से निलंबित कर दिया है. उनके स्थान पर श्रावस्ती के एसीएमओ डॉ. उदयनाथ को कानपुर को नया सीएमओ बनाया गया है.

शासन ने सीएमओ डॉ. हरीदत्त नेमी के सस्पेंशन के पीछे जो वजह बताई है, उसमें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में रिक्त पदों पर की जाने वाली नियुक्तियों में चयन प्रक्रिया के विपरीत पदों के विज्ञापन प्रकाशन को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की वेबसाइट पर नहीं कराए जाने का आरोप है. इसके अलावा जिला स्वास्थ्य समिति तथा मुख्य विकास अधिकारी कानपुर के नगर के निर्देशों के बावजूद आयुष परीक्षा के सापेक्ष अभ्यर्थियों के जो इंटरव्यू लिए गए थे, उनके परिणाम इंटरव्यू के बाद चार दिन की जगह काफी समय तक जिला स्वास्थ्य समिति से अनुमोदित न कराए जाने की वजह से चयन प्रक्रिया नहीं संपन्न होने का आरोप है. इसके अलावा डॉ. हरिदत्त नेमी पर एक और गंभीर आरोप है, जिसमें वरिष्ठ वित्त एंव लेखाधिकारी को वित्तीय परीक्षण एवं पदेन कार्यों से हटाते हुए उनके स्थान पर गैर वित्त सेवा के अधिकारी से कार्य लिया गया गया.

इन गंभीर आरोपों के बाद सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी को सस्पेंड करते हुए उन्हें कार्यालय महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं से सम्बद्ध किया गया है. आपको बता दें कि करीब छह माह पहले कानपुर सीएमओ का पदभार संभालने वाले डॉ. हरीदत्त नेमी शुरूआत से ही विवादों में रहे. डॉ. नेमी ने आते ही 9 दिन के अंदर तीन डॉक्टरों के 7 बार ट्रांसफर किए. डीएम के अस्पतालों के निरीक्षण में डॉक्टरों की काफी लापरवाही मिली और मॉनीटरिंग का अभाव पाया गया. इसके बाद दो दिन के अंदर तीन आडियो वायरल हुए, जिसमें एक आडियो में डीएम के खिलाफ अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया गया. हालांकि, इन आडियो की एबीसी न्यूज पुष्टि नहीं करता है. बाद में डीएम और सीएमओ को लेकर कानपुर के सत्ताधारी जनप्रतिनिधि भी दो फाड़ हो गए.

