ABC News: महाराष्ट्र के पुणे में रविवार की शाम बड़ा हादसा हो गया. यहां पर इंद्रायणी नदी पर बने पुल का आधा हिस्सा टूटकर गिर गया. बताया जा रहा है कि जब ब्रिज गिरा, तब मौके पर कई लोग उसी पुल पर मौजूद थे. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि करीब 20 से 25 लोग नदी में बह गए हैं.

वहीं घटना की जानकारी देते हुए पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने बताया है कि, हादसे में पांच से छह लोगों को बचा लिया गया है. वहीं बचाव अभियान चला रहे एक सदस्य ने बताया, ‘बचाव अभियान जारी है. कुछ लोगों को बचा लिया गया है. हमें पक्का पता नहीं है, लेकिन संभवतः 20-25 लोग ढहे पुल के मलबे में फंसे हुए हैं.’ हादसे के बाद पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय की तलेगांव दाभाड़े पुलिस मौके पर पहुंच गई है. कुंडमाला को पार करने के लिए एक पुल है, इस पार से उस पार जाने के लिए यही पुल गिर गया है. बताया यह भी जा रहा है कि रविवार होने के चलते बड़ी संख्या में पर्यटक वहां मौजूद थे. कुछ लोग पुल पर खड़े थे और तस्वीरें खिंचवा रहे थे. कितने लोग डूबे हैं, यह अभी स्पष्ट नहीं है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लगभग 20 से 25 लोग डूबे हैं. मौके पर करीब 200 पर्यटक मौजूद थे. हादसे के बाद सभी को मौके से हटाया गया है, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन में कोई दिक्कत न आए. बताया जा रहा है कि यहां एक मंदिर भी है, जहां दर्शन करने के लिए भारी संख्या में लोग आते हैं.

फिलहाल, एनडीआरएफ की दो टीमों को मौके पर पहुंच कर रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हैं. बताया जा रहा है कि पहले से ही जर्जर हुए इस पुल पर कुछ लोग बाइक लेकर भी पहुंच गए थे. पुल ज्यादा भार सह नहीं पाया और टूट गया. मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से शुरू कर दिया गया है. पर्यटकों को बचाने के लिए 20-22 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई हैं. शाम का समय होने की वजह से बचाव कार्य में तेजी लाई जा रही है, क्योंकि अंधेरा होने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा आ सकती है. जिला मुख्यालय से कई टीमों को बचाव कार्य के लिए रवाना किया गया है. नदी के बहाव की दिशा में आगे के गांवों में भी लोगों को बचाने के लिए काम जारी है. रेस्क्यू के लिए बचाव वैन और फायर टेंडर नाव मौके पर पहुंच गई हैं.

