ABC News: गुजरात के अहमदाबाद से लंदन के गैटविक जा रहा एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन AI-171 टेक-ऑफ के तुरंत बाद क्रैश हो गया.

एयर इंडिया विमान हादसे में गुजरात के पूर्व CM विजय रूपाणी की मौत हो गई. गुरुवार को ये विमान अहमदाबाद के सरदार वल्लभ भाई पटेल एयरपोर्ट से लंदन जा रही थी. रुपाणी अपनी बेटी से मिलने के लिए लंदन जा रहे थे. गुजरात बीजेपी के चीफ सीआर पाटिल ने उनकी मौत पर शोक जताया है. सीआर पाटिल ने कहा कि वो अपने परिवार से मिलने के लिए जा रहे थे, वो इस हादसे का शिकार हो गए. भगवान उनकी भी आत्मा को शांति दे.
वहीं, इस विमान हादसे में एक यात्री के बचने की खबर सामने आ रही है. यात्री का नाम रमेश विश्वास कुमार है. घायल का अस्पताल में इलाज जारी है. अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने कहा, “पुलिस को सीट 11ए पर एक जीवित व्यक्ति मिला. व्यक्ति अस्पताल में पाया गया है और उसका इलाज चल रहा है. अभी तक मौतों की संख्या के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता. मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि विमान आवासीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ.” हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक जिंदा बचे 40 वर्षीय विश्वास कुमार रमेश ने आपबीती बताई. उन्होंने कहा, उड़ान भरने के तीस सेकंड बाद तेज आवाज हुई और फिर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह सब बहुत जल्दी हुआ. जब मैं उठा तो मेरे चारों तरफ लाशें बिखरी पड़ी थीं. मैं डर गया और वहां से भागा. मेरे चारों तरफ विमान के टुकड़े बिखरे पड़े थे. किसी ने मुझे पकड़ लिया और एम्बुलेंस में डालकर अस्पताल ले गया.”

ब्रिटिश नागरिक विश्वाश कुछ दिनों के लिए अपने परिवार से मिलने भारत आए थे और अपने भाई अजय कुमार रमेश (45) के साथ ब्रिटेन वापस जा रहे थे. विश्वाश ने बताया कि वह 20 सालों से लंदन में रह रहे हैं. उनकी पत्नी और बच्चे भी लंदन में ही रहते हैं. विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) अहमदाबाद विमान हादसे की जांच करेगा. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारी ने कहा कि एएआईबी के महानिदेशक और एजेंसी में जांच निदेशक सहित अन्य लोग अहमदाबाद के लिए रवाना होंगे. बोइंग ने एक बयान में कहा, ‘‘हमें शुरुआती रिपोर्टों की जानकारी है और हम अधिक जानकारी जुटाने के लिए काम कर रहे हैं.’’

