ABC News: अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद के मेघानी नगर में एक इमारत पर जाकर क्रैश हुआ है. यह इमारत बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि ये बिल्डिंग डॅक्टरों का हॉस्टल है. ऐसी आशंका जताई जा रही है कि इस बिल्डिंग में भी कुछ लोग विमान के क्रैश होने से हताहत हुए होंगे.

प्लेन क्रैश साइट पर मौजूद एक सीनियर पुलिस ऑफिसर ने बताया कि रेस्क्यू का काम अभी तक चल रहा है. कई एजेंसियां रेस्क्यू के काम में जुटी हुई हैं. हालांकि, अभी तक इस विमान दुर्घटना में कितने लोगों की जान गई है, इसकी जानकारी उन्होंने नहीं दी.

पुलिस ऑफिसर ने बताया, ‘शुरुआती तौर पर हमें पता चला कि लंदन जाने वाला एयर इंडिया का विमान डॉक्टरों के हॉस्टल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. 2-3 मिनट के भीतर ही पुलिस और अन्य एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं. लगभग 70-80% एरिया साफ हो चुका है. सभी एजेंसियां यहां काम कर रही हैं.

वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि इस विमान के हॉस्टल का इमारत से टकराने के कारण कम से कम 20 प्रशिक्षुओं की मौत की खबर है. हालांकि, इसको लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इस बीच, अहमदाबाद एयरपोर्ट को आज रात 12 बजे तक बंद करने की घोषणा की गई है.

विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के समय इमारत में कम से कम 200 लोग मौजूद थे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना के दौरान हॉस्टल में 50 से 60 इंटर्न डॉक्टर्स मौजूद थे. ज्यादातर मेस में लंच कर रहे थे.

धमाके के बाद यहां पर हर कोई बदहवास दिखा. गुजरात के सिविल अस्पताल पहुंच रमीला बेन नाम की महिला ने बताया कि उनका बेटा लंच ब्रेक पर गया था. महिला ने कहा कि मेरे लड़के को कुछ नहीं हुआ, वह दूसरी मंजिल से कूद गया.

रमीला बेन ने कहा, “हॉस्टल पर ही प्लेन क्रैश हुआ. मेरे लड़के को कुछ हुआ नहीं. उससे मेरी बात हुई है. मुझे अपने बेटे को अंदर देखने जाना है. लड़का बोल रहा है कि मैं अच्छा हूं. दूसरी मंजिल से कूदा था न तो थोड़ी चोट लगी है. मैं जाऊं अंदर तब मालूम पड़ेगा.

