ABC News: गुजरात के अहमदाबाद में लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हादसे का शिकार हो गया. इस विमान में 242 मुसाफिर सवार थे. हादसे के बाद बड़े पैमाने पर आपातकालीन प्रतिक्रिया की जरूरत पड़ी. यह घटना शहर के मेघानीनगर इलाके के पास हुई. हादसे के बाद कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं. इसी में कहा जा रहा है कि पायलटों ने ‘मेडे कॉल’ भेजा था, हालांकि फिर अचानक उनकी तरफ खामोशी छा गई.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान के पायलट की ओर से क्रैश से ठीक पहले करीब एटीसी को सिग्नल भेजा गया था, जो कि खतरे का अंदेशा बता रहा था और इसी के कुछ पल के बाद विमान क्रैश हो गया. डीजीसीए की ओर से विमान हादसे के बाद विस्तार से जानकारी दी गई है. इसके मुताबिक, 12 जून 2025 को एयर इंडिया का विमान B787 जो कि अहमदाबाद से गैटविक (AI-171) जा रहा था, टेकऑफ के तुरंत बाद ही क्रैश कर गया. एयर इंडिया ने पुष्टि की है कि अहमदाबाद से लंदन गैटविक जाने वाली उड़ान संख्या AI171 आज उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई. अहमदाबाद से दोपहर 1338 बजे रवाना हुई इस उड़ान में बोइंग 787-8 विमान में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे. इनमें से 169 भारतीय नागरिक हैं, 53 ब्रिटिश नागरिक हैं, 1 कनाडाई नागरिक है और 7 पुर्तगाली नागरिक हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया जा रहा है.

इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिसमें 2 पायलट और 10 केबिन क्रू शामिल हैं. इस एयरक्राफ्ट को कैप्टन सुमित साभरवाल चला रहे थे, जबकि उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे. सुमित साभरवाल को 8200 घंटे फ्लाइट उड़ाने का अनुभव था, जबकि क्लाइव का अनुभव 1100 फ्लाइट आवर का था.

क्या होती है MAYDAY Call?
किसी भी फ्लाइट में ‘मेडे कॉल’ एक इमरजेंसी मैसेज होता है, जो पायलट उस वक्त देता है जब विमान किसी गंभीर संकट में हो और यात्रियों या क्रू की जान को खतरा हो. जैसे कि विमान का इंजन फेल होना, विमान में आग लगना, हवा में टकराव का खतरा, या हाईजैक जैसी स्थिति बन जाए.इस कॉल के ज़रिए कोई भी पायलट एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और नज़दीकी विमानों को अलर्ट करता है कि प्लेन को तुरंत मदद की ज़रूरत है.इसे प्लेन के रेडियो पर तीन बार बोला जाता है—”Mayday, Mayday, Mayday” ताकि साफ हो जाए कि यह मज़ाक नहीं बल्कि असली संकट है. जानकारी के मुताबिक, जैसे ही Mayday Call दिया जाता है कंट्रोल रूम उस विमान को प्राथमिकता देता है और सभी संसाधनों को उसकी मदद में लगा देता है, जैसे इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत, रनवे खाली कराना, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड तैयार रखना. ‘मेडे’ शब्द फ्रेंच के “m’aider” से आया है, जिसका मतलब होता है मेरी मदद करो. ध्यान देने वाली बात ये है कि यदि हालात बहुत ज्यादा गंभीर न हो लेकिन चिंता की हो, तब पायलट पैन-पैन (Pan-Pan) कॉल करता है, जो ‘मेडे’ से कम गंभीर मानी जाती है.

