ABC News: तत्काल टिकटों में सेंधमारी को रोकने व यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से बुकिंग व्यवस्था में बदलाव किया गया है. पहली जुलाई से नई व्यवस्था लागू होगी. इसके तहत आधार ऑथेंटिक यूजर्स ही आईआरसीटीसी की वेबसाइट व एप से टिकट बुक कर सकेंगे. इसके अतिरिक्त अधिकृत एजेंटों को दिए जाने वाले तत्काल टिकट बुकिंग के समय में आधे घंटे की कटौती की गई है. इस दौरान यात्री टिकट बुक कर सकेंगे.

भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम(आईआरसीटीसी) की वेबसाइट व एप से रिजर्वेशन टिकट बुक कराए जाते हैं. तत्काल टिकटों की बुकिंग सुबह दस बजे से शुरू होती है. लेकिन इन टिकटों में दलाल सेंधमारी करते हैं, जिससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाते. ऐसे में रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग व्यवस्था में बदलाव किया है. नई व्यवस्था के तहत आधार ऑथेंटिक यूजर ही तत्काल टिकट बुक कर सकेंगे. रेल मंत्रालय द्वारा 10 जून 2025 को जारी सर्कुलर में सभी रेलवे जोन के साथ जानकारी शेयर करते हुए कहा गया है कि यह फैसला ये सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है कि तत्काल योजना का लाभ आम यूजर्स को मिल सके. इसमें कहा गया है कि 01 जुलाई 2025 से आईआरसीटीसी की वेबसाइट या ऐप के जरिए जहां केवल आधार सत्यापित यूजर्स टिकट बुक कर सकेंगे, तो वहीं इसके बाद, 15 जुलाई 2025 से Tatkal Booking के लिए आधार-आधारित ओटीपी प्रमाणीकरण भी अनिवार्य कर दिया जाएगा. इसके अलावा रेलवे टिकट एजेंट भी अब तत्काल टिकट बुकिंग ओपन होने से पहले 30 मिनट तक टिकट बुक नहीं कर पाएंगे. AC क्लास के लिए यह समय सुबह 10:00 बजे से से 10:30 बजे तक और नॉन-AC क्लास के लिए सुबह 11:00 बजे से 11:30 बजे तक रहेगा. रेलवे अफसरों का कहना है कि इससे अनाधिकृत रूप से टिकट बुक कराने वालों पर अंकुश लगाया जा सकेगा. उन्होंने बताया कि पहली जुलाई से आईआरसीटीसी की वेबसाइट व एप से आधार ऑथेंटिक यूजर ही तत्काल टिकट बुक कर सकेंगे. इतना ही नहीं 15 जुलाई से आधार बेस्ड ओटीपी आने पर ही टिकट बुक हो सकेगा. ओटीपी नहीं भरने पर टिकट बुक नहीं होगा. यह व्यवस्था काउंटरों पर भी लागू होगी. टिकट बुक कराने आने वाले ग्राहकों के मोबाइल नंबर पर ओटीपी जाएगी, जिसे बताने के बाद ही काउंटर से तत्काल टिकट मिल सकेगा.

