ABC News: आईपीएल 2025 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु के जीतने के बाद हर तरफ उसी की चर्चा है. पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली पंजाब किंग्स के बारे में कोई बात नहीं कर रहा. फाइनल में मिली हार ने खिलाड़ियों का दिल तोड़ दिया है. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु से शिकस्त के बाद खिलाड़ियों के साथ प्रीति जिंटा का भी चेहरा लटका हुआ था. वे उदासी की खुमारी से उबरीं, तो उन्होंने अपने जज्बात बयां करते हुए अपनी टीम के लिए इमोशनल पोस्ट किया.

एक्ट्रेस ने इंडियन प्रीमियर लीग में हार के बावजूद अपनी टीम की बेहतरीन परफॉर्मेंस की सराहना की. प्रीति जिंटा का मानना है कि भले ही टीम फाइनल में हार गई हो, लेकिन उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में जज्बे, धैर्य और जोश के साथ शानदार परफॉर्म किया. प्रीति जिंटा ने पंजाब किंग्स की एक तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन में अपनी भावनाओं को व्यक्त किया. उन्होंने इस सीजन को अपने लिए खास बताया. एक्ट्रेस ने लिखा, ‘टीम और कप्तान ने शानदार लीडरशिप दिखाई. नए भारतीय खिलाड़ियों ने भी अपने टैलेंट से सभी का दिल जीत लिया. इस बार कई चुनौतियां आईं, जैसे अहम खिलाड़ियों की चोट, नेशनल जिम्मेदारियों की वजह से खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी, टूर्नामेंट में रुकावट, घरेलू मैदानों के बजाय मैच दूसरे राज्यों में होना और खाली स्टेडियम में खेलना. फिर भी टीम ने हार नहीं मानी और एक दशक बाद लिस्ट में शानदार अंक हासिल किए. फाइनल में आखिरी गेंद तक टीम ने कड़ा मुकाबला किया.’एक्ट्रेस ने अपने खिलाड़ियों, स्टाफ औफर फैंस का आभार जताते हुए आगे लिखा, ‘हमारी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में जबरदस्त हिम्मत दिखाई. हमारे फैंस, जिन्हें हम ‘शेर स्क्वॉड’ कहते हैं, हर मुश्किल में हमारे साथ खड़े रहे. हम जो कुछ भी हैं, वह आपकी वजह से हैं.’ प्रीति जिंटा ने वादा किया कि पंजाब किंग्स अगले साल और मजबूती से वापसी करेंगे. उन्होंने फैंस से कहा, ‘हमारा काम अभी अधूरा है, लेकिन हम इसे पूरा करने के लिए लौटेंगे. अगले साल स्टेडियम में मिलते हैं. तब तक सुरक्षित रहें और अपना ख्याल रखें.’ आईपीएल के फाइनल में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को छह रनों से हराया. इस जीत को लेकर टीम और क्रिकेट फैंस में जोश देखने को मिला. वहीं बॉलीवुड भी इसका जश्न मना रहा है.

