ABC News: कानपुर के बिल्हौर में गंगा दशहरा के दिन बड़ा हादसा हो गया. यहां पर गंगा स्नान के दौरान किशोरी समेत तीन लोगों की डूबकर मौत हो गई. बताया जा रहा है कि एक दूसरे को बचाने के चक्कर में किशोरी समेत अन्य दोनों युवक गंगा की लहरों में समाते चले गए. घटना की सूचना मिलते ही तीनों लोगों के परिवार में कोहराम मच गया.
बताया जा रहा है कि कानपुर देहात के शिवली निवासी बलराम और बिधनू निवासी संदीप अपने रिश्तेदारी में बिल्हौर के कल्लूपुरवा मजरा सेन में आए हुए थे. यहां पर मुंडन संस्कार में सभी शामिल होेने के लिए आये थे. सुबह के समय यहां पर रहने वाले किशोरी प्रियंका गंगा नहाने चली गई. इसी दौरान वह गहराई में जाकर जब डूबने लगी तो उसने बचाने की गुहार लगाई. उसकी आवाज सुनकर बलराम और संदीप दोनों गंगा में कूदकर उसे बचाने के लिए चले गए. इस दौरान बलराम और संदीप भी खुद को बचा नहीं पाए और गंगा की लहरों में समाते चले गए.
चीखपुकार सुनकर मौके पर मौजूद गोताखोरों ने किसी तरह प्रियंका और बलराम को बाहर निकाला और आनन फानन में उसे सीएचसी पहुंचाया. थोड़ी देर बाद जाल के साथ आए अन्य गोताखोरों ने संदीप को भी निकालकर उसे सीएचसी पहुुंचाया लेकिन यहां पर डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. सूचना पाकर एसीपी बिल्हौर समेत थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. एसीपी बिल्हौर ने बताया कि गंगा में डूबकर किशोरी समेत तीन की मौत हुई है.

