ABC News: कानपुर में रोहिंग्या की गिरफ्तारी के बाद अब इनकी तलाश में पुलिस जुट गई है. मंगलवार को एडीसीपी साउथ महेश कुमार की अगुवाई में झकरकटी बस् अड्डे से लेकर आउटर पर रेलवे ट्रैक किनारे बनी बस्तियों में पुलिस ने गहनता से जांच की.
इस दौरान झोपड़ पट्टी में मौजूद एक एक घर में लोगों से पूछताछ करने के अलावा उनके आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई. पुलिस को यहां पर बड़ी संख्या में ऐसे लोग मिले, जोकि मध्यप्रदेश के रीवा से आए हैं और यहां पर टोकरी और अन्य सामान बनाकर अपना जीवन यापन कर रहे हैं.
एडीसीपी ने यहां मौजूद परिवारों से तमाम अन्य जानकारियां भी हासिल कीं. इस जांच के दौरान सामने आया कि यहां पर मौजूद माफिया एक झोपड़ी का किराया 12 सौ रूपए प्रति महीने तक वसूल रहे हैं. यह बात सुनकर एडीसीपी साउथ ही काफी आश्चर्य चकित हो गए. उन्होंने बताया कि कानपुर में मलिन बस्तियों से लेकर झोपड़ पट्टी पर रोहिंग्या और बांग्लादेशियों की जांच की जा रही है. खुफिया की रिपेार्ट में इन लोगों के यहां पर होने की आशंका जाहिर की गई है, इनको लेकर लगातार तलाशी अभियान चलता रहेगा.

