ABC News: कानपुर के ग्वालटोली थानाक्षेत्र स्थित बैठक रेस्टोरेंट मे देर रात रईसजादे दबंगो ने जमकर तांडव किया. यहां पर बर्थडे पार्टी के बाद बिल को लेकर हुए विवाद के बाद रईसजादों ने कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट की. इस दौरान कर्मचारियों को उन्होंने दौड़ा-दौड़ाकर बेल्ट और डंडों से पीटा, यही नहीं, होटल में तोड़फोड़ का भी आरोप उन पर लगा है. घटना में होटल के चार कर्मचारी घायल हो गए. ग्वालटोली पुलिस ने मामले में सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है.
बताया जा रहा है कि वीआईपी रोड सिविल लाइंस में डीजी कॉलेज के सामने नितिन गुप्ता का बैठक रेस्टोरेंट और बैंक्वेट हॉल है. एसीपी कर्नलगंज तेज बहादुर सिंह ने बताया कि बैठक रेस्टोरेंट में दूसरे हिस्से में कुछ रूम भी बने हैं. इन्हीं में से एक रूम आदित्य त्रिपाठी और कासिफ गुप्ता ने बुक कराया था, यहां पर किसी पीयूष जायसवाल की बर्थडे पार्टी होनी थी. इसी दौरान उनके छह साथी और आ गए, यहां पर बिल को लेकर हुए विवाद के बाद जमकर मारपीट हुई.
वहीं, रेस्टोरेंट के मैनेजर विशाल पांडेय का कहना है कि जब बिल देने की बात आयी तो उन्होंने यहां के दूसरे पार्टनर मनीष को घसीट लिया और हैवानों जैसी मारपीट उनके साथ करने लगे. इसके बाद वह नीचे के हॉल में चले गए. तीन कर्मचारियेां को बुरी तरह मारापीटा. पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गंभीर धाराओं में गिरफ्तार किया है, एसीपी कर्नलगंज का कहना है कि मामले की जांच में कई बिंदु शामिल किए गए हैं.
पुलिस से की अभद्रता
घटना के बाद जब ग्वालटोली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तो दबंगों ने पुलिस से भी अभद्रता शुरू कर दी. एक युवक तो पुलिस से धक्का-मुक्की करने लगा और दरोगा-सिपाहियों को धमकाते हुए बोला कि अभी डीसीपी से बात कराता हूं. तुमको सस्पेंड करवा दूंगा. आरोपी पुलिस के सामने भी बवाल करते रहे.

