ABC News: कानपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी का परिवार भी मिला. उन्होंने एयरपोर्ट पर ही पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशन्या, मां सीमा और पिता संजय द्विवेदी से मुलाकात की.

शुभम के चाचा मनोज द्विवेदी ने बताया कि पीएम परिवार से मिलकर भावुक हो गए. ऐशन्या और शुभम के पिता की आंखों से आंसू निकल आए तो पीएम ने ढांढस बंधाया. पीएम मोदी ने शुभम के परिवार को भरोसा दिलाया कि वह आगे भी उनसे मिलते रहेंगे. शुभम के पिता ने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद जिस तरह से आतंकवादियों पर भारत ने कार्रवाईै की है, उसको लेकर पीएम मोदी को उन लोगों ने धन्यवाद दिया है. शुभम और पहलगाम आतंकी हमले में अन्य जो लोग मारे गए, उनके साथ पीएम ने गहरी संवेदना व्यक्त की है. अपने भाषण के दौरान भी पीएम मोदी ने न केवल शुभम का जिक्र किया बल्कि उनकी पत्नी ऐशान्या को बेटी कहकर बुलाया. प्रधानमंत्री ने ऐशन्या से बातचीत करते हुए उनका हालचाल जाना और कहा कि देश को आपके पति पर गर्व है, उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा. सरकार आपके साथ है. उन्होंने घटना पर दुःख भी जताया हैं.

