ABC News: कानपुर में 47 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं की सौगात देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्हें पहलगाम हमले की वजह से पूर्व के अपने दौरे को रद्द करना पड़ा. पीएम मोदी ने कहा कि पहलगाम के कायराना हमले में हमारे कानपुर के बेटे शुभम द्विवेदी भी बर्बरता का शिकार हुए.
बेटी ऐशन्या की वो पीड़ा, वो कष्ट और भीतर का आक्रोश हम सब महसूस कर सकते हैं. हमारी बहनों-बेटियों के उसी आक्रोश को आपरेशन सिंदूर के रूप में दुनिया ने देखा. पीएम मोदी ने कहा कि आपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना के पराक्रम को देखकर पाकिस्तान गिड़गिड़ाकर युद्ध रोकने की मांग पर मजबूर हुआ. इसी के साथ एक बार फिर उन्होंने कहा कि दुश्मन किसी धोखे में न रहे, आपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है.

पीएम ने कहा कि भारत हर आतंकी हमले का करारा जवाब देगा. बस जबाब का समय, तरीका और शर्तें हमारी सेनाएं तय करेंगी. इस दौरान कनपुरिया भाषा में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दुश्मन कहीं भी हो हौंक दिया जाएगा. पीएम ने कहा कि दुनिया ने मेक इन इंडिया की ताकत देखी है और यह ताकत आत्मनिर्भर भारत से मिली है. आज डिफेंस सेक्टर आत्मनिर्भर भारत में बड़ी भूमिका निभा रहा है. इस दौरान डिफेंस कॉरीडोर, अमेठी में राइफल निर्माण और ब्रह्मोस मिसाइल को यूपी का नया पता बताते हुए उन्होंने कहा कि कानपुर और यूपी भारत को डिफेंस का बड़ा एक्सपोर्टर बनाएंगे, यहां पर नई फैक्ट्रियां आएंगी, जिससे निवेश और रोजगार बढेंगे.

पीएम मोदी ने रेलवे स्टैशन को विश्वस्तरीय बनाए जाने, अनवरगंज मंधना एलीवेटेड ट्रैक की बात करते हुए कहा कि आने वाले समय में कानपुर एक्सप्रेस वे से लखनऊ का सफर 40 मिनट का होगा. लखनऊ से पूर्वांचल एक्सप्रेस से कनेक्टिविटी मिलेगी और कानपुर एक्सप्रेस वे को गंगा एक्सप्रेस वे से जोड़ा जाएगा, यूपी को औद्योगिक संभावनाओं का राज्य बताते हुए कहा कि कानपुर में लघु उद्योगों की अपेक्षा को पूरा किया जा रहा है.

