ABC News: कानपुर के कैंट थानाक्षेत्र में मैस्कर घाट में गंगा नहाते समय तीन युवक डूब गए. चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे गोताखोरों ने गंगा में डूबे एक युवक का शव बरामद कर लिया है जबकि दो अन्य की तलाश करायी जा रही है.
बताया जा रहा है कि जूही परमपुरवा निवासी नंदू गुप्ता, अंकुर रावत, साहिल, कुनाल रावत, गोलू गुप्ता और सोनू अंसारी रविवार को छावनी के मैस्कर घाट पहुंचे थे. घाट से गंगा के काफी दूर होने के चलते पहले पैदल चलकर सभी बीच धार में पहुंचे और फिर यहां सभी नहाने लगे. बताया जाता है कि नहाने के दौरान ही अंकुर रावत, नंदू गुप्ता और साहिल गहराई में जाने लगे और डूबने लगे. तीन दोस्तों को डूबता हुआ देखकर उनके साथ मौजूद अन्य दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए.
इस बीच मौके पर कुछ गोताखोर भी पहुंचे गए. सूचना पाकर छावनी पुलिस भी पहुंच गयी. इसके बाद यहां पर डूबे हुए तीनों युवकों की तलाश शुरू करायी गई. कुछ देर में गोताखोरों ने अंकुर रावत के शव को बरामद कर लिया. जबकि नंदू गुप्ता और साहिल की बरामदगी के लिए लगातार गोताखोर यहां पर सर्च आपरेशन चलाते रहे.
इस बीच, जैसे ही युवकों के घर में इस बात की खबर पहुंची, वहां पर कोहराम मच गया.परिवारवालों के साथ बड़ी संख्या में लोग मैस्कर घाट पहुंच गए, पुलिस ने अंकुर के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.

