ABC News: विधायक सुरेंद्र मैथानी की कार से विधानसभा का पास चोरी होने के मामले का खुलासा महाराजपुर पुलिस ने कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में तीन अभियुक्तों केा गिरफ्तार किया है.
पुलिस का कहना है कि कंपनी के ड्राइवर ने अपने दोस्त के लिए यह पास चुराया था. इसके पीछे उनका मकसद टोल टैक्स बचाने और रास्ते में पुलिस और लोगों पर धाक जमाने का था. आपको बता दें कि विधायक सुरेंद्र मैथानी ने पिछले दिनों अपनी फॉर्चुनर कार सनी टोयोटा सर्विस सेंटर, रूमा में दी थी. विधायक को सर्विस होने के बाद जब कार मिली, तो उसमें लगा हुआ विधानसभा का पास गायब था.
जिसके बाद विधायक ने महाराजपुर थाने में एफआईआर दर्ज करायी थी. पुलिस की जांच में पता चला कि सर्विस सेंटर में ड्राइवर की नौकरी करने वाले कोहना निवासी अमित मिश्रा ने पास चोरी किया था. पास चोरी करने के बाद उसने इसे 500 रूपए में रावतपुर निवासी मेडिकल स्टोर संचालक लकी सैनी को बेचा था. इसमें उसका दोस्त लक्ष्य चतुर्वेदी भी शामिल था.पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार करने के साथ चोरी किया पास भी बरामद किया है.

