ABC News: अमृत भारत योजना के तहत नवनिर्मित गोविंदपुरी स्टेशन का आज वर्चुअली लोकार्पण हो गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के बीकानेर से इसका वर्चुअली लोकार्पण किया. इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने औपचारिक लोकार्पण किया.

इस दौरान रेलवे अफसरों ने गोविंदपुरी स्टेशन पर किए गए कार्यों के बारे में बताया. यहां पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि 2014 से पहले कानपुर के रेलवे स्टेशनों की गंदगी पहचान थी. स्टेशन पर गंदगी देखकर लोग समझ जाते थे कि कानपुर आ गया, लेकिन अब वही स्टेशन वर्ल्ड क्लास रूप में विकसित किए जा रहे हैं, जिसका हिस्सा गोविंदपुरी भी है. समारोह में आपरेशन सिंदूर पूरी तरह से छाया रहा. यहां पर पूर्व सैनिकों के सम्मान के साथ ही विभिन्न स्कूलों के स्टूडेंट्स ने आपरेशन सिंदूर पर आधारित देशभक्ति के कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए. कहा गया कि आतंक के खिलाफ सेना को खुली छूट देकर दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय पीएम मोदी ने दिया है. इस दौरान सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक सुरेंद्र मैथानी, पूनम संखवार, एमएलसी अरूण पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरूण आदि भी मौजूद रहीं.

