ABC News: चौबेपुर थाना क्षेत्र के गोगूमऊ गांव में देर रात को घर के बाहर सो रहे किसान देव नारायण उर्फ दिवारी लाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
बताया जा रहा है कि चौबेपुर के गोगूमऊ गांव में रहने वाले 56 साल के देव नारायण उर्फ दिवारी लाल कटियार अविवाहित थे. रोज की तरह मंगलवार रात को भी खाने के बाद दरवाजे के बाहर चारपाई डालकर सो रहे थे. देर रात वहां पर एक युवक आया और उनके सीने से सटा कर गोली मार दी. जब तक घर-परिवार और पड़ोस के लोग कुछ समझ पाते आरोपी मौके से पैदल ही खेत से होते हुए भाग निकला.पुलिस ने घटना के कुछ घंटे बाद पड़ोसी तुषार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस पूछताछ में हत्यारोपी ने बताया कि उसकी किसी से मोबाइल पर हुई अश्लील बातचीत का ऑडियो मृतक को मिल गया था और उसने उसे पिता पुनीत कटियार को सुना दिया था. घर पहुंचने पर पिता ने तुषार को फटकार लगाई थी. इसके बाद तुषार की मृतक से कहासुनी हो गई थी और तब से वह नाराज था. मंगलवार रात उसी खुन्नस में उसने दरवाजे पर सोते समय देवनारायण की गोली मारकर हत्या कर दी.

