ABC News: चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए इसे अब एक सप्ताह तक और बंद रखा जाएगा. भोपाल भेजे गए वन्य जीवों की सैंपल रिपोर्ट आने के बाद चिड़ियाघर को आगे खोलने पर यहां का प्रशासन फैसला लेगा.

इस बीच, चिड़ियाघर में राहत की खबर यह है कि यहां पर तेदुंआ और अन्य जानवरों में सकारात्मक सुधार मिला है और मंगलवार को उन्होंने खाने में अपनी पूरी डाइट भी ली है. जिससे चिड़ियाघर के अफसरों ने भी राहत की सांस ली है. चिड़ियाघर की निदेशक श्रद्धा यादव का कहना है कि यहां पर काफी सुरक्षात्मक उपाय अपनाए जा रहे हैं. वन्य जीवों के साथ चिड़ियाघर में जिन कर्मचारियों के सैंपल लिए गए थे, उनकी रिपोर्ट एक से दो दिनों में आने की उम्मीद है.
इसके साथ ही मंगलवार को जू में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने बाड़ों में मिट्टी और पानी के भी सैंपल कलेक्ट किए हैं. चिड़ियाघर निदेशक का कहना है कि सारी सैंपल रिपोर्ट आने के बाद ही बर्ड फ्लू वायरस की आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और तभी चिड़ियाघर को खोलने पर निर्णय लिया जा सकेगा. उनका कहना है कि कुछ जानवरों की स्थिति में सुधार देखा जा रहा है.

