ABC News: कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के कुआखेड़ा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खेत में गए किसान की पेंचकस से गोदकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि सजेती थाना क्षेत्र के कुआंखेड़ा गांव के रहने वाले धर्मेंद्र सचान देर रात खेत में स्थित नलकूप में सोने के लिए गया था.
रविवार को जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश में खेत में पहुंचे. यहां पर नलकूप से थोड़ी दूरी पर गांव के मदन सचान के खेतों में धर्मेंद्र का खून से लथपथ शव मिला तो परिजन बदहवास हो गए. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई. मौके पर पहुंची सजेती पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया. इस दौरान पुलिस का स्निफर डॉग आसपास के खेतों में ही घूमता रहा. पुलिस अनुमान लगा रही है कि हत्यारे पहले नलकूप में आए होंगे. किसी बात को लेकर हुए विवाद में युवक की पेंचकश से गोदकर हत्या कर वह फरार हो गए. वहीं, फोरेंसिक टीम की जांच में मृतक कीक पीठ पर ईंट पत्थर से वार करने और रगड़ के निशान मिले हैं. पुलिस का कहना है कि घटना की जांच करायी जा रही है. मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के साथ ही अगल बगल में जिनके खेत हैं, उनसे भी पूछताछ की जा रही है.

