ABC News: भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर पर दावे करने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने बयान पर सफाई दी है. ट्रंप ने कहा कि भारत और पाकिस्तान में दुश्मनी बढ़ती जा रही थी, इसलिए हमने सिर्फ समस्या को सुलझाने में मदद की है. ट्रंप ने कहा, “मैं यह नहीं कर रहा कि मैंने मध्यस्थता कराई. मैंने समस्या सुलझाने में मदद की.”

हालांकि ट्रंप ट्रेड वाले बयान पर अडिग रहे. उन्होंने फिर कहा कि यह मामला तभी सुलझा जब मैंने व्यापार की बात की. ट्रंप ने कहा, “पिछले सप्ताह भारत और पाकिस्तान के बीच चीजें काफी खतरनाक हो रही थी. दोनों देशों ने अचानक मिसाइल दागना शुरू कर दिया और हमने सब सैटल कर दिया.” कतर में अल-उदीद एयर बेस पर अमेरिकी सैन्य कर्मियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैं यह नहीं कहना चाहता कि मैंने मध्यस्थता की, लेकिन मैंने पिछले सप्ताह पाकिस्तान और भारत के बीच समस्या को सुलझाने में मदद की, जो अधिक से अधिक शत्रुतापूर्ण होती जा रही थी. यह छठी बार है जब ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका ने नई दिल्ली और इस्लामाबाद के बीच युद्धविराम कराया. ट्रंप ने कहा कि अचानक आपको एक अलग प्रकार की मिसाइलें दिखाई देने लगेंगी. हमने इसे सुलझा लिया है. मुझे उम्मीद है कि मैं यहां से बाहर नहीं जाऊंगा और दो दिन बाद यह पता चलेगा कि यह सुलझा नहीं है, लेकिन मुझे लगता है कि यह सुलझा हुआ है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि आप सभी जानते हैं कि मैं कुछ भी सुलझा सकता हूं. चलो उन सभी को एक साथ लाते हैं. भारत पाकिस्तान कब से लड़ रहे हैं? लगभग 1,000 साल से. लेकिन हमने इसे सुलझा लिया. कोई भी भारत पाकिस्तान तनाव से बहुत खुश नहीं था. ऐसा लग रहा था कि यह वास्तव में नियंत्रण से बाहर होने वाला था. बीते शनिवार को ट्रंप ने घोषणा की थी कि भारत और पाकिस्तान एक ‘पूर्ण और त्वरित संघर्षविराम’ पर सहमत हो गए हैं, जो अमेरिका की मध्यस्थता में पूरी रात की बातचीत के बाद हुआ. ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करके भारत और पाकिस्तान के बीच ‘एतिहासिक और साहस भरा’ समझौता करवाने का श्रेय अमेरिका को दिया और कहा कि वह कश्मीर मुद्दे पर भी मदद करना चाहते हैं.

