ABC News: कलक्टरगंज गल्ला मंडी में भीषण अग्निकांड की आग पूरी तरह से बुझ भी नहीं पायी थी कि सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां पर राख के बीच एक कंकाल देखा गया. कंकाल मिलने की सूचना पर यहां पर पुलिस अफसर भी पहुंच गए. अनुमान जताया जा रहा है कि जिस शख्स का यहां पर कंकाल मिला है, वह संभवत: अग्निकांड में फंस गया और जिंदा जलकर उसकी मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि जिस शख्स का कंकाल मिला है, उसकी शिनाख्त गया प्रसाद विश्वकर्मा के रूप में हुई है. पुलिस की पूछताछ में पता चला कि वह यहां पर किराए के मकान में रहते थे और करीब 35 वर्ष से कलक्टरगंज में काम करते थे. यह यहां पर कहां पर रहते थे और मूल निवास कहां पर है फिलहाल इसकी जानकारी नहीं हो पायी है. गौरतलब हो कि अग्निकांड में पांच लोग झुलस भी गए थे, जिनका इलाज अभी उर्सला अस्पताल में चल रहा है.
अग्निकांड के बाद नजर आ रही विभीषिका
कलक्टरगंज गल्ला मंडी मेें एक दिन पहले हुए अग्निकांड के बाद अब यहां पर उसकी विभीषिका साफ तौर पर देखी जा सकती है. अग्निकांड के बाद कलक्टरगंज मंडी में हर तरफ सिर्फ राख ही राख दिखााई पड़ रही है. अग्निकांड में जो व्यापारी अपना सबकुछ गवां चुके हैं.वह राख के बीच उम्मीदो की तलाश करते हुए दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि आग की वजह से आधा सैकड़ा दुकानें पूरी तरह स्वाहा हो चुकी हैं जबकि अन्य दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है.
एक अनुमान के मुताबिक, अग्निकांड से करीब 50 करोड़ का नुकसान जताया जा रहा है. अग्निकांड में अपना सबकुछ गंवा चुके व्यापारी अब प्रशासन से उम्मीद लगाकर बैठे है कि शायद मुआवजे का मरहम उनकी पीड़ा को कुछ कम कर सके. व्यापारियों का कहना है कि आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिल पाया. यही नहीं, बाजार में हेा चुके कई अग्निकांड के बाद व्यापारी अब यहां पर दमकल की गाड़ी की स्थाई तैनाती की मांग भी कर रहे हैं. अग्निकांड की चपेट में बाजार के अंदर बने मंदिर भी आये हैं. व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने कलक्टरगंज के अंदर इससे बड़ा अग्निकांड अभी तक नहीं देखा.
दूसरे दिन भी दमकल जवान डटे रहे
कलक्टरगंज मंडी में हुए भीषण अग्निकांड के बाद कहीं कहीं पर दूसरे दिन भी आग धधकते नजर आयी. इसको देखते हुए यहां पर फायर ब्रिगेड के जवान लगातार पानी डालकर आग बुझाने का काम करते रहे. इसके अलावा नगर निगम के जेसीबी भी यहां पर लगाए गए हैं, जिससे कि अगर किसी ढेर के अंदर कहीं पर आग जल रही हो तो उसे सही तरह से बुझाया जा सके. बुधवार सुबह से से ही यहां पर नगर निगम के बुलडोजर के साथ दमकल विभाग के जवान धधक रही आग को बुझाने में लगे रहे.
रूई गोदामों में भी पानी डालकर यहां पर धधक रहे मलबे को शांत किया गया. इन सबके बीच यहा पर अग्निकांड की तबाही भी नजर आ रही है. रूई, बारदाना के अलावा बड़ी मात्रा में जला अनाज जगह जगह बिखरा हुआ नजर आया. इसके अलावा जो वाहन अग्निंकांड की चपेट में आए, वह भी यहां पर तबाही के निशान बताने में लगे हुए हैं. अग्निकांड में नौ ई रिक्शा, 11 दो पहिया, दो चार पहिया के अलावा टेंपो, साईकिल आदि भी जली हुई मिली हैं.
व्यापारियोें ने कैबिनेट मंत्री के सामने रखा मामला
कलक्टरगंज गल्ला मंडी में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर महापौर प्रमिला पांडेय ने यहां की बाजार का जायजा लिया. इस दौरान पीड़ित व्यापारियों ने महापौर से मुआवजे की मांग की. महापौर ने पीड़ित व्यापारियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह अपने स्तर से जो संभव होगा, उसके लिए प्रयास करेंगी. उन्होंने व्यापारियों के साथ खड़े रहने का भी भरोसा दिलाया.
वहीं, कानपुर में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के सामने भी व्यापारियों ने कलक्टरगंज अग्निकांड का मुद्दा उठाया.
यहां पर भाजपा नेता सुनील बजाज, विनोद गुप्ता आदि ने कैबिनेट मंत्री को अग्निकांड की पूरी जानकारी देकर पीड़ित व्यापारियों के लिए मुआवजे की मांग की.

