ABC News: कानपुर में दो साल पहले काल बनकर दौड़ी ई-बस की चपेट में आने से छह लोगों की मौत के मामले में आरोपी ड्राइवर सत्येंद्र सिंह को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है. एडीजे 14 की कोर्ट में हुई सुनवाई में आरोपी के वकील ने उसके लिए न्यूनतम दंड की मांग की थी लेकिन अभियोजन से इसे गंभीर अपराध मानते हुए कठोर सजा देने की मांग की थी.
आपको बता दें कि करीब दो साल पहले घंटाघर से टाटमिल जा रही ई बस अनियंत्रित हो गई थी. टाटमिल चौराहे तक इसने ऐसा कहर बरपाया था कि हादसे में छह लोग काल के गाल में समा गए और लगभग डेढ़ दर्जन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. लोगों को रौंदती और वाहनों को क्षतिग्रस्त करती ई-बस चौराहे पर बने ट्रैफिक बूथ से टकराते हुए डंपर में घुस गई थी.
एडीजीसी शिव भगवान गोस्वामी ने बताया कि ई बस का ड्राइवर सत्येंद्र सिंह उस समय नशे में था. कोर्ट ने 304 भाग एक में उसे उम्रकैद और 25 हजार जुर्माने की सजा सुनाई है, इसके अलावा धारा 308 में दोषी मानते हुए पांच वर्ष कैद और 15 हजार जुर्माना और धारा 427 के मामले में दो वर्ष कैद और पांच हजार रूपए जुर्माने की सजा सुनाई है.

