ABC News: बिरहाना रोड स्थित दवा मार्केट में एक बार फिर से आग लग गई. गनीमत इस बात की रही कि जिस समय मार्केट में आग लगी, उस समय बाजार खुली नहीं थी. दुकानों के अंदर से धुआं निकलकर जब बाहर की तरफ आया तो आसपास रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया.
वर्षों पुरानी बाजार होने की वजह से जिस बिल्डिंग में बनी दुकानों में आग लगी, वहां तक दमकल कर्मियों को पहुंचने में भी काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा. बताया जा रहा है कि इस दौरान दवा मार्केट की दुकानें आग की चपेट में आ गई. सूचना पाकर मौके पर लाटूश रोड, कर्नलगंज, फजलगंज से सात दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू हुआ.
इस दौरान कई दुकानों के शटर तोड़कर दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया. आशंका जताई जा रही है कि आग की घटना शॉर्ट सर्किट की वजह से हुई है.
व्यापार मंडल पदाधिकारियों का कहना है कि यहां पर दवा की करीब एक हजार दुकानें हैं, इससे पहले भी कई बार आग की घटना हो चुकी है. सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि सभी दुकानों में लगी आग पर काबू पा लिया गया है.

