ABC News: कानपुर में सोमवार को पारे के तेवर एक बार फिर से तल्ख देखे गए. एक दिन पहले के मुकाबले सोमवार को सूर्यदेव आसमान से आग उगलते हुए नजर आए. इसका असर यह रहा कि सुबह 11 बजे के बाद से ही धूप के तेवर काफी सख्त देखे गए.

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा. इस दौरान अधिकतम तापमान उछलकर 41.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जोकि सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा. इसके अलावा दोपहर में चली गर्म हवाओं ने भी अपना कहर बरपाया, जिसकी वजह से दोपहर में सड़कों पर अपेक्षाकृत कम भीड़ दिखाई दी. वहीं, रात का पारा भी 24 डिग्री सेल्सियस पर रहा. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 25 अप्रैल तक कानपुर में पारे के तेवर इसी तरह से बरकरार रहेंगे और लू भी चलेगी, ऐसी स्थिति में सभी को गर्मी से बचाव के इंतजाम करने की सलाह भी दी गई है.

