ABC News: भैरो घाट पंपिग स्टेशन में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां से बेनाझावर में रॉ वॉटर को सप्लाई करने वाली पाइप लाइन अचानक फट गई.
पाइप लाइन फटने से पंपिग स्टेशन से पानी की ऐसी धारा बही कि बाहर बनी सड़क पूरी तरह से नहर में तब्दील नजर आ गई. पंपिग स्टेशन की वॉटर लाइन फटने से बाहर बस्ती के कई घरों के अंदर तक पानी घुस गया. इससे आसपास के लोगों में भी अफरातफरी मच गई.
यहां पर काम कर रहे कर्मचारियों ने किसी तरह वॉटर सप्लाई को रोककर जलकल विभाग के अफसरों को इसकी सूचना दी. बताया जा रहा है कि पंपिग स्टेशन से दो लाइनें बेनाझावर स्थित जलकल मुख्यालय में जाती हैं.
इसमें 1200 एमएम की एक लाइन अचानक फट गई, जिसकी वजह से यहां पर हर सड़क नहर जैसी नजर आने लगी. जलकल विभाग के अधिशाषी अभियंता ने बताया कि वॉटर सप्लाई को रोक दिया गया है.
दो लाइनें होने की वजह से वॉटर सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा. पाइप लाइन की मरम्मत में समय लगेगा.

