ABC News: तमाम उतार चढ़ावोें के बीच बहुजन समाज पार्टी ने अब 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी तैयारी शुरू कर दी है. इसी को लेकर बसपा कार्यालय में लंबे समय बाद बैठक का आयोजन किया, जिसमें मुख्य जोन इंचार्ज नौशाद अली समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हुए.
इस बैठक में पार्टी को सेक्टर और बूथ स्तर पर फिर से कैसे मजबूत किया जाए, इसको लेकर पदाधिकारियों के साथ गहन मंथन किया गया. मुख्य जोन इंचार्ज ने यहां पर जुटे कार्यकर्ताओं को बताया कि यूपी में बसपा की चार बार सत्ता रह चुकी है. उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में मायावती का शासन था, तब कानून व्यवस्था से लेकर विकास के काम हो रहे थे.
इसके अलावा जो भी बैकलॉग था, उसे पूरा किया गया. मायावती की सरकार जाने के बाद आज तक कहीं भी बैकलॉग को पूरा नहीं किया जा सका है. ऐसे में जरूरी है कि जनता के बीच जाकर मायावती शासन के कार्य पद्धति के बारे में बताया जाए. उन्होंने कहा कि बसपा की सरकार हमेशा सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय के सिद्धांत पर काम करती है.
ऐसे में सभी के बीच बैठकर न केवल मायावती के शासनकाल की चर्चा की जाए बल्कि पार्टी के वोटबैंक को मजबूत करने का काम अभी से शुरू किया जाए. उन्होंने कहा कि कैडर कार्यकर्ताओं के दम पर बसपा 2027 में फिर से उत्तर प्रदेश में सत्ता हासिल कर सकती है.

