ABC News: नेशनल हेराल्ड केस में ईडी की चार्जशीट में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी का नाम होने के बाद पार्टी के नेताओं में आक्रोश देखा जा रहा है. इसके विरोध में कांग्रेसी नेताअेां ने कानपुर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया. इससे पहले तिलकहॉल में नगर ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला की अगुवाई में कांग्रेसी नेता एकत्र हुए. यहां पर पूर्व विधायक भूधर नारायण मिश्र, विकास अवस्थी, आलोक मिश्र, कृपेश त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री, नौशाद आलम मंसूरी, अतहर नईम के साथ कांग्रेस नेताओं का जुलूस निकला तो पुलिस में भी हड़कंप मच गया.
पुलिस ने पहले कोतवाली चौराहा पर कांग्रेस नेताओं को रोकने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो पायी. इसके बाद हेड पोस्ट आफिस की तरफ बढ़ रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने रोक लिया, तो कोतवाली थाने के सामने कांग्रेसी नेता धरने पर बैठ गए. इसके बाद एसीपी कोतवाली से काफी देर बातचीत के बाद सभी को थाने के अंदर ले जाया गया. यहां पर एसीपी कोतवाली ने जूलूस की अनुमति न होने की बात कही, जिस पर एसीपी कोतवाली और कांग्रेस नेताओं के बीच झड़प हो गई.
इसके बाद कांग्रेसी नेता कोतवाली के अंदर ही नारेबाजी करने लग गए. बाद में कांग्रेस नेताओं के नाम पते नोटकर सभी को वहां से छोड़ दिया गया. एसीपी कोतवाली का कहना है कि अनुमति न होने के चलते कांग्रेस नेताओं को रोका गया था.
पवन गुप्ता ने बनाई पार्टी से दूरी
इस पूरे विरोध प्रदर्शन में महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पवन गुप्ता कहीं नजर नहीं आए. इसकेा लेकर तमाम तरह की चर्चाएं होती रहीं, जबकि कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में उन पर सवाल खड़े करने वाले आलोक मिश्र न केवल यहां पर आए बल्कि काफी देर तक तिलकहॉल में भी मौजूद रहे. कांग्रेस के अंदरूनी धड़ों का कहना है कि आलोक मिश्र के बयान के बाद पवन गुप्ता बैकफुट पर नजर आ रहे हैं. ऐसे में वह फिलहाल सभी से दूरी बनाकर चल रहे हैं.

