ABC News: 24 अप्रैल को कानपुर आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीएसए मैदान से एक तरफ जहां मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट का शुभारंभ करेंगे, वहीं घाटमपुर और पनकी के नए पॉवर प्लांट का भी शुभारंभ करेंगे. इसके अलावा करीब 250 अन्य परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित है. इसकेा लेकर डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने मेट्रो स्टेशनों का जायजा लिया.
इस दौरान यहां पर मौजूद कर्मचारियों से मेट्रो स्टेशनों की मौजूदा स्थिति को लेकर भी जानकारी की गई.आपको बता दें कि प्रधानमंत्री के दौरे से पहले कानपुर में 16 मार्च केा सीएम योगी आदित्यनाथ का दौरा भी प्रस्तावित है, जो यहां पर पीएम के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेंगे. माना जा रहा है कि पीएम के कार्यक्रम के लिए इसी दिन सीएसए मैदान पर मोहर लग सकती है. डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट के अलावा पनकी और घाटमपुर के पॉवर प्लांट का शुभारंभ और 250 परियोजनाओं का यहां पर लोकार्पण और शिलान्यास पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को प्रस्तावित दौरे को देखते हुए नवीन मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय में भाजपा नेताओं ने बैठक की. क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में तीनों जिलों के जिलाध्यक्ष, सांसद और विधायक शामिल हुए. भाजपा नेताओं ने बताया कि प्रधानमंत्री बनने के बाद तीसरी बार पीएम मोदी कानपुर आ रहे हैं. पीएम मोदी की जनसभा में ज्यादा से ज्यादा भीड़ ले जाने को लेकर मंथन किया गया. बताया गया कि प्रशासन के साथ मिलकर सारी तैयारियों को अंजाम दिया जाएगा. भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि 16 अप्रैल को सीएम योगी भी कानपुर आ रहे हैं, उसी दिन सारी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा.

