ABC News: कानपुर में कल संघ के कार्यालय के शुभारंभ के मौके पर सामाजिक समरसता का बड़ा संदेश दिया जाएगा. संघ की योजना के अनुसार, कारवालोनगर में संघ कार्यालय केशव भवन का शुभारंभ अंबेडकर जयंती के दिन हो रहा है.
यही नहीं, संघ कार्यालय के उद्घाटन के दौरान यहां पर जो सभागार बनाया गया है, वह भी भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर बनाया गया है. इसके अलावा समारेाह के दौरान यहां पर संघ के पदाधिकारी सर संघ चालक मोहन भागवत को भगवान बुद्ध की प्रतिमा भी भेंट करेंगे. पिछले कुछ उद्बोधनों में सर संघ चालक मोहन भागवत ने जिस तरह दलित समाज को जोड़ने की बात की है, उसका उदाहरण भी यहां पर दिखाई देगा.
माना जा रहा है कि सामाजिक सरमसता के इस संदेश को संघ और बड़े स्तर पर ले जाएगा, जिससे जातीय जनगणना के मुद्दे की धार को आने वाले समय में कुंद किया जा सके. इसकेा लेकर यहां पर तैयारियां भी चल रही है. संघ कार्यालय को दुल्हन की तरह सजाने के साथ यहां पर रंगोली भी सजाई जा रही है.
देर शाम डॉ. मोहन भागवत कानपुर आ जाएंगे और स्टेशन से सीधे कारवालोनगर स्थित संघ कार्यालय जाएंगे. यहां पर संघ के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
मंच पर यह लोग रहेंगे मौजूद
केशव भवन के उद्घाटन पर सर संघ चालक मोहन भागवत के साथ प्रांत प्रचारक श्रीराम, प्रांत संघ चालक भवानी भीख, वरिष्ठ चार्टर्ड एकाउंटेंट वीरेंद्र पराक्रमादित्य सिंह, केशव स्मृति समिति के अध्यक्ष कुंज बिहारी गुप्ता मौजूद रहेंगे. इसके अलावा यहां पर पांच हजार लोगों के बैठने की भी व्यवस्था की गई है.
संघ प्रमुख के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा की भी सख्त व्यवस्था होगी. इसके लेकर पुलिस अधिकारियों ने संघ पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की है. बताया जा रहा है कि केशव भवन के आसपास अभेद सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. सभी प्रवेश द्वार पर चेकिंग के बाद ही अंदर जाने को मिलेगा.

