ABC News: जाजमऊ के सिद्धनाथ घाट पर आज सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब यहां पर भागती दौड़ती पुलिस ने आनन फानन में जलती हुई चिता को पानी डालकर बुझवा दिया. इसके बाद पुलिस ने चिता से अधजला शव बाहर निकालकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. इस दौरान सिद्धनाथ घाट पर तमाशबीनों की काफी भीड़ देखी गई.
बताया जा रहा है कि चकेरी में रहने वाले सोहन लाल द्विवेदी, जोकि पेशे से बिजली मैकेनिक थे, उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. जिस समय सोहन की मौत हुई, उस समय उनकी पत्नी और बच्चे मायके में थे. घर में सोहन के साथ उनका छोटा भाई ज्ञानी उर्फ मोहन भी रहता है. नीलम का कहना है कि मूलरूप से बिहार के गया की रहने वाली है. एक दिन पहले उसे अपने पति की मौत की सूचना मिली. इसके बाद वह देर रात चकेरी में अपने घर पहुंची. आरोप है कि उसके पति की मौत संदिग्ध है और उनके सिर पर चोट के भी निशान थे. शव उठाने के बाद सिर से खून रिस रहा था. इधर परिवार के लोग आनन-फानन में शव को जाजमऊ के सिद्धनाथ घाट लेकर पहुंच गए और शव का अंतिम संस्कार शुरू कर दिया.
इस बीच, मृतक की पत्नी और साले ने जब तक पुलिस को सूचना दी, तब तक भाई ने शव को चिता पर रखकर मुखाग्नि दे दी थी. सूचना पर आनन फानन में चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची और जल रही चिता को वहीं पर सबमर्सिबल पंप खुलवाकर उसके पानी से बुझवाया. आग लगने के बाद शव तकरीबन आधा जल चुका था. पुलिस का कहना है कि मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम से पता चलेगी. वहीं, मृतक के भाई का कहना है कि शवयात्रा से घाट तक मृतक का साला साथ में आया, अचानक उसने डायल 112 में हत्या की सूचना दे दी.

