ABC News: बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक बुरी खबर सामने आई है, जिसे सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गई है. बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और फिल्म निर्देशक मनोज कुमार का निधन हो गया. अभिनेता ने 87 साल में इस दुनिया को अलविदा कह दिया. मनोज कुमार ने अपनी आखिरी सांस मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में ली. बता दें कि मनोज कुमार को देशभर में उनकी देशभक्ति फिल्मों के लिए जाना जाता है. उनके गाने और डायलॉग हर किसी के जज्बे को बढ़ाने का काम करते हैं.

जानकारी के मुताबिक, बीते कुछ दिनों से मनोज कुमार की तबीयत खराब चल रही थी और इसी वजह से उन्हें कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, लेकिन अब उन्होंने शुक्रवार की सुबह इस दुनिया को छोड़ दिया है. अभिनेता के जाने से फैंस और बॉलीवुड में मातम पसर गया है. उनके निधन की खबर जैसे ही सामने आई, तो लोगों ने उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया. बता दें कि मनोज कुमार फैंस के बीच भारत कुमार के नाम से मशहूर हैं. मनोज कुमार के करियर पर एक नजर डालें तो उन्होंने हिंदी सिनेमा को एक से एक फिल्म दी है. उन्होंने देशभक्ति के जोनर पर कई शानदार फिल्में की और बनाई भी हैं. वह सिर्फ शानदार अभिनेता ही नहीं बल्कि कमाल के डायरेक्टर भी रहे हैं. उनकी फिल्मों की लिस्ट में शहिद, उपकार, पूरब और पश्चिम, रोटी कपड़ा और मकान शामिल है.

इसके अलावा, उन्होंने हरियाली और रास्ता, वो कौन थी, हिमालय की गोद में, दो बदन, पत्थर के सनम, क्रांति जैसी कई फिल्मों में एक्टिंग की और साथ ही डायरेक्शन भी संभाला है. वे आखिरी बार साल 1995 में आई फिल्म ‘मैदान-ए-जंग’ में नजर आए थे. भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए मनोज कुमार को 1992 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था. इसके बाद उन्हें साल 2015 में दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था

