ABC News: कानपुर में विकास की योजनाओं को लेकर लगातार संवेदनशील दिख रहे सांसद रमेश अवस्थी ने एक बार फिर लोकसभा में आवाज बुलंद की है. सांसद ने लोकसभा में शून्य काल में कानपुर के विकास की कड़ी में यहां पर अटल घाट से लेकर सिद्धनाथ घाट, जाजमऊ तक रिवर फ्रंट बनाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि रिवर फ्रंट बनने से कानपुर का न केवल औद्योगिक स्वरूप बेहतर होगा बल्कि सांस्कृतिक गौरव भी बढ़ेगा.

उन्होंने कहा कि इससे शहर के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी. कानपुर के विकास की दिशा में रिवर फ्रंट को बड़ा कदम बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, पर्यटन को बढावा मिलने के सााथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था भी बेहतर होगी. संसद में अपनी बात रखते हुए रमेश अवस्थी ने कहा,कि मां गंगा के तट पर बसा कानपुर कभी एक प्रसिद्ध औद्योगिक नगरी हुआ करता था. लेकिन समय के साथ यह अपनी पहचान खोता जा रहा है. ऐसे में सरकार को चाहिए कि वह अटल घाट से लेकर जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ घाट तक गंगा रिवर फ्रंट का निर्माण कराए. इससे न केवल कानपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को पुनर्जीवित किया जा सकेगा, बल्कि पर्यटन और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि इस परियोजना से कानपुर के नागरिकों को एक सुंदर और स्वच्छ तट मिलेगा. जहां वह सैर-सपाटा कर सकेंगे. साथ ही, यह शहर के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम होगा. उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि इस परियोजना को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र अमल में लाया जाए.

