ABC News: कानपुर में अब अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त एक्शन की तैयारी है. अतिक्रमण अभियान से पहले खुली जीप पर सवार होकर महापौर प्रमिला पांडेय निकलीं.
परेड स्थित सद्भावना चौकी से नयागंज तक खुली जीप में सवार होकर जब महापौर प्रमिला पांडेय दलबल के साथ निकलीं, तो उसमें सफाई कर्मियों के साथ कूड़ा गाड़ियां भी शामिल थीं और अतिक्रमणकारियों में खौफ पैदा करने वाले बुलडोजर भी शामिल थे. खुली जीप पर पूरे रास्ते भर महापौर सभी से यह कहती रहीं कि सभी को अब 15 दिन का समय दिया जा रहा है. जो लोग भी सड़क और फुटपाथ को घेरे हैं, वह 15 दिन के अंदर अवैध कब्जे अपने आप हटा दें. क्योंकि इसके बाद जब अभियान चलेगा तो सभी के खिलाफ एक समान कार्रवाई होगी. अवैध कब्जों को हटाने में हिंदु-मुस्लिम कार्ड भी नहीं चलेगा.
महापौर ने कहा कि अक्सर लोग कहते हैं कि उन्हें कब्जों को हटाने के लिए पहले से सूचना नहीं दी गई. ऐसे में वह खुद अब सड़क पर निकलकर लोगों को 15 दिन का समय दे रही हैं. 15 दिन बाद सभी अवैध कब्जों पर सख्त एक्शन होगा.

