ABC News: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को केंद्रीय सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत में दो प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी. यह बढ़ोत्तरी जो 1 अप्रैल, 2025 से लागू होगी.

केंद्र सरकार के इस फैसले से एक करोड़ से अधिक कर्मचारियों और पेंशनरों को सौगात मिली है. एक जनवरी से देय महंगाई भत्ते की दर अब 53 प्रतिशत से बढ़कर 55 प्रतिशत हो गई है. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट की बैठक के बाद हुई प्रेस ब्रीफिंग में यह जानकारी दी है. गौरतलह हो कि गत वर्ष केंद्र सरकार ने दीवाली पर कर्मचारियों के महंगाई भत्ते एवं पेंशनरों की महंगाई राहत में तीन फीसदी की बढ़ोतरी की थी. सरकार का कहना है कि महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में इस बढ़ोतरी से सरकारी खजाने पर संयुक्त रूप से 6,614.04 करोड़ रुपये प्रति वर्ष का प्रभाव पड़ेगा. इस बढ़ोतरी से लगभग 48.66 लाख केंद्रीय सरकार के कर्मचारियों और 66.55 लाख पेंशनभोगियों को लाभ होगा. सरकार द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि यह बढ़ोतरी स्वीकृत फॉर्मूले के अनुसार है, जो सातवें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों पर आधारित है. आपको बता दें कि महंगाई भत्ता और महंगाई राहत केंद्रीय सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को जीवन यापन की लागत को समायोजित करने और उनके मूल वेतन या पेंशन के वास्तविक मूल्य को घटने से बचाने के लिए दिए जाते हैं. इनकी समीक्षा साल में दो बार, 1 जनवरी और 1 जुलाई से की जाती है, जो श्रम ब्यूरो द्वारा प्रकाशित औद्योगिक श्रमिकों के लिए अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (All-India Consumer Price Index for Industrial Workers – AICPI-IW) के 12 महीने के औसत में बढ़ोतरी के आधार पर होती है.

