ABC News: कानपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां पर चुन्नीगंज मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण किया. इस दौरान मेट्रो के अफसरों ने उन्हें पूरे कार्य की जानकारी दी और बताया कि सभी अंडरग्राउंड स्टेशन से लेकर पूरे रूट का सीएमआरएस ने निरीक्षण कर लिया और अगले तीन दिनों में एनओसी मिलने की संभावना है.
इस दौरान यात्री सुविधाओं को लेकर भी सीएम योगी को यहां पर जानकारी दी गई. सीएम योगी के दौरे को लेकर मेट्रो अफसर भी उत्साहित नजर आए. आपको बता दें कि मोतीझील के बाद बृजेंद्र स्वरूप पार्क होते हुए मेट्रो अंडरग्राउंड रूट पर जाएगी. अंडरग्राउंड रूट पर चुन्नीगंज, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा, नयागंज और सेंट्रल स्टेशन बनाए गए हैं.

मेट्रो अफसरों का कहना है कि अगले 10 से 15 दिनों में अंडरग्राउंड रूट पर मेट्रो का शुभारंभ हो सकता है. माना जा रहा है कि नवरात्र पर कानपुर में अंडरग्राउंड रूट पर मेट्रो दौड़ने लगेगी.

